भिलाई। 11 जनवरी, 2023, (सीजी संदेश) : नगर निगम भिलाई क्षेत्र के रहवासी आवारा सूअरों से परेशान है। इनके कारण कई बीमारी भी शहर में फैल चुकी है। छोटे बच्चे को भी काटने के लिए दौडाते हैं। पांच वार्ड पार्षदों ने आयुक्त से इसकी शिकायत की है। शहर से समूल सूअरों को हटाकर, पालने वाले पर नियमित कार्रवाई की जाए। नगर निगम वार्ड क्रमांक 25 के नोहर सिंह वर्मा आयुक्त रोहित व्यास से लिखित शिकायत की है कि वार्ड में सूअरों का आतंक बढ़ गया है इन जानवरों के कारण कुछ ना कुछ विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। विभिन्न वार्डों में आवारा घूम रहे सूअरों और कुत्तों के कारण वार्डवासी अत्यंत परेशान हैं। इनसे बच्चों को भी डर और काटने का अंदेशा बना रहता है। सूअर पालनकर्ता सूअरों को आवारा छोड़ देते हैं। ये पाश कालोनियों तक पहुंच जाते हैं और गंदगी फैलाते हैं। इन जानवरों के कारण नगर में डायरिया का प्रकोप फैल चुका है। इन आवारा जानवरों से गंदगी भी फैल रही है और अन्य बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। इनके कारण पूरा शहर और वार्डवासियों में चिंता, नाराजगी है। आवारा सूअरों और कुत्तों को पकड़ कर जंगल में छोड़ा जाए। नगर निगम के आयुक्त रोहित व्यास ने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है जल्द ही शहर सूअर मुक्त होगा। सूअर पालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जावेगी।