दुर्ग। 12 जनवरी, 2026, (सीजी संदेश ) : यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सीएम नर्सिंग इंस्टिट्यूट, नेहरू नगर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। जनवरी 2026 में जिला भर के स्कूलों और कॉलेजों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य 15 से 35 वर्ष के युवाओं में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना है, क्योंकि इसी आयु वर्ग के लोग सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। कार्यक्रम में प्रसिद्ध सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ श्री जोशी द्वारा प्रभावशाली प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें वास्तविक दुर्घटना की तस्वीरों और डेटा के माध्यम से दुर्घटना के कारणों, घातक परिणामों और बचाव के उपायों को विस्तार से समझाया गया।
प्रेजेंटेशन में विशेष रूप से घुमावदार सड़कों पर तेज गति से वाहन चलाने के जोखिम, ब्रेकिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली, और विभिन्न गति पर वाहन की ब्रेकिंग दूरी के प्रभावों पर गहन जानकारी दी गई। साथ ही, एमजे कॉलेज, जूनवानी में भी यातायात पुलिस के द्वारा छात्रों को ट्रैफिक नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया, जिसमें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रिपल सीट पर सवारी न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, तेज़ गति से वाहन चलाने से बचने, और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया। दोनों कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस दुर्ग जन सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए लगातार इस प्रकार के जागरूकता अभियानों के जरिए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सड़क सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, इसे अपनाएं और सुरक्षित रहें।



