भिलाई। 18 मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय संगठक व छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल मेश्राम ने ईरान के साथ अमेरिका व इजराइल के जारी युद्ध पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस युद्ध से किसी का भला तो नही होगा बल्कि वैश्विक स्तर पर नुकसान ही होगा और हो रहा है। इस युद्ध से पूरी दुनिया मे कच्चे तेल, एलपीजी गैस, पेट्रोल व डीजल जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीजो के दाम बढ़ रहे है और भारत सहित अन्य देशो के नागरिक मंहगाई सहित भविष्य मे उत्पन्न होने वाले अन्य प्रतिकूल प्रभावो को लेकर सशंकित व चिंताग्रस्त हो गये है। वर्तमान मे उत्पन्न यह स्थिति किसी भी दृष्टिकोण से दुनियाभर के लिए श्रेष्ठ व अनुकूल नही मानी जा सकती। वर्तमान मे युद्ध मे संलिप्त देशो के प्रमुखो को भगवान गौतम बुद्ध के शांति के संदेशो को स्मरण कर उसका पालन किया जाना चाहिए। तथागत गौतम बुद्ध ने मानव कल्याण हेतु दुनिया को शांति मैत्री प्रेम करुणा और सद्भावना का संदेश दिया है युद्ध से किसी भी देश और मानव का कल्याण संभव नही है बल्कि इससे पूरी दुनिया मे संशय व अराजकता का वातावरण तैयार होगा जो किसी भी दृष्टिकोण से दुनिया के किसी भी देश के लिए सहज नही होगा। वर्तमान परिस्थित मे युद्ध की शुरुआत करने वाले विशेषतया अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के साथ शांति का मार्ग अपनाते हुए समझौता वार्ता कर हल निकालते हुए मध्यम मार्ग अपनाना चाहिए ताकि पूरी दुनिया के लोग संशयपूर्ण व असहज स्थिति से ऊबर सके। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एवं अन्य देशो के प्रमुखो को भगवान बुद्ध के शांति मैत्री प्रेम करुणा के साथ मध्यम मार्ग अपनाकर पूरी दुनिया मे फैल रहे अशांतिपूर्ण वातावरण को शांत व सहज बनाये जाने के प्रयास किये जाने चाहिए।




