भिलाई , 11मार्च 2026।छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज नेता विपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक उमेश पटेल ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के विरुद्ध पिछले दो वर्षों से रचे जा रहे गंभीर षड्यंत्रों और उनकी ‘राजनीतिक हत्या’ के प्रयासों का खुलासा करने वाले वीडियो के सामने आने के बाद विधायक की सुरक्षा को लेकर हंगामा, नारेबाजी और सदन से बहिर्गमन किया। इस विषय पर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि जो लोग पिछले दो सालों से उन्हें बलात्कार और महादेव सट्टा जैसे झूठे और घृणित मामलों में फंसाने, उनका राजनीतिक जीवन समाप्त करने की साजिश रच रहे थे, उनको लेकर सदन में मेरी ‘सुरक्षा’ को लेकर चिंता जताई गई है। मैं सदन को आश्वस्त करता हूं कि जनता के स्नेह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव के न्यायप्रिय सुशासन और प्रदेश के कर्मठ गृहमंत्री विजय शर्मा की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा है। छत्तीसगढ़ पुलिस आज स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर कार्य कर रही है। अब प्रदेश में मफियाराज या षड्यंत्रकारी राज नहीं, बल्कि ‘कानून का राज’ है इसलिए साजिशकर्ताओं के मनसूबे लगातार पस्त होते रहे हैं।
एक घंटे बाद विपक्ष ने सदन में पुनः इस मुद्दे को उठाया तो संसदीय कार्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि विधायक की सुरक्षा को लेकर इस मामले को संज्ञान में ले लिया गया है। विधायक रिकेश सेन ने सदन में अपना पक्ष भी रखा है। इस विषयक आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के आठवें दिन शून्यकाल में विपक्षी सदस्यों ने सत्ता पक्ष के विधायक रिकेश सेन को मिली जान से मारने की धमकी का मुद्दा उठाया। इस पर आसंदी के व्यवस्था देने से इंकार करने पर विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।शून्यकाल में भाजपा विधायक रिकेश सेन को मिली जान से मारने की धमकी का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मैंने कल ही सदन इस पर गृहमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया था लेकिन इस मामले में अभी तक सरकार की ओर से वक्तव्य नहीं आया है। इस पर कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने आसंदी से व्यवस्था देने की मांग की। विपक्षी विधायकों ने कहा कि यह गंभीर मामला है, सरकार या विधायक रिकेश सेन का जवाब आना चाहिए।आसंदी ने व्यवस्था देने से इंकार करते हुए कहा कि सरकार के ध्यान में बात आ गई है, व्यक्तव्य की जरूरत नहीं है। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि जब तक जवाब नहीं आता, विपक्ष कार्यवाही में भाग नहीं लेगा। मामले में भाजपा विधायक रिकेश सेन ने जवाब देते हुए कहा कि बिना सही जानकारी बहिष्कार करना सही नहीं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूँ। मेरी सुरक्षा को लेकर सरकार चिंतित है। मैं अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी जानकारी सरकार को और संसदीय कार्यमंत्री को दे दी है। इसलिए इसे इसे लेकर राजनीति करनी ठीक नहीं है।श्री सेन ने अपने वक्तव्य में सदन को धन्यवाद देते हुए कहा कि वैशाली नगर की जनता के हक की लड़ाई और क्षेत्र के विकास के लिए बिना डरे काम करते रहेंगे। भ्रष्टाचार और अपराधियों के खिलाफ उनकी आवाज को कोई भी फर्जी एफआईआर या राजनीतिक साजिश नहीं दबा सकती।




