भिलाई। 03अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : चोरी के प्रकरण में 10 वर्ष से फरार आरोपी को दुर्ग पुलिस ने आखिर गिरफ्तार कर ही लिया। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत 08 मई 2016 का है। जहां आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी पहचान छिपाकर नागपुर (महाराष्ट्र) में रह रहा था, दुर्ग पुलिस पुराने से पुराने फरार आरोपी की पता तलाश अभियान के तहत कर रही थी। भिलाई नगर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। पूर्व में सहआरोपी से चोरी का सामान जप्त किया जा चुका है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर न्यायालय में
प्रार्थी रामकुमार डहरिया, निवासी भाठापारा दादर भिलाई-03 द्वारा दिनांक 10 मई 2016 को थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 08 मई 2016 को वह अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर रायपुर शादी कार्यक्रम में गया था। वापस आने पर घर का ताला टूटा मिला तथा अंदर रखे 02 नग गैस सिलेंडर, सोने का नेकलेस, 01 जोड़ी झुमका, 03 जोड़ी चांदी का पायल एवं 01 कुकर, कुल कीमती लगभग 45,000 रुपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया।
प्रकरण में अपराध धारा 457, 380 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान सहआरोपी शुभम मांझी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान जप्त किया गया था। घटना के पश्चात आरोपी दंतेष राव फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। दिनांक 03 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना पर आरोपी को उसके निवास क्षेत्र से पकड़ा गया। पूछताछ उपरांत आरोपी दंतेष राव, उम्र 33 वर्ष, निवासी देव नगर, चरोदा बस स्टैंड के पास, पुरानी भिलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। उक्त कार्यवाही में थाना पुरानी भिलाई के थाना प्रभारी अम्बर सिंह भारद्वाज, प्रधान आरक्षक रविन्द्र भारतीय, आरक्षक शत्रुघ्न महतो, राजकुमार सिंह एवं वसीम खान की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ घटना का कारण :
आर्थिक लाभ हेतु सुनियोजित चोरी
▪️ घटनास्थल :
भाठापारा दादर, भिलाई-03
▪️ आरोपी का नाम :
1. दंतेष राव, उम्र 33 वर्ष, निवासी देव नगर चरोदा, पुरानी भिलाई
▪️ जप्त सामग्री :
(पूर्व में सहआरोपी से)
1. एक नग सोने का हार
2. एक जोड़ी चांदी का पायल
3. एक नग गैस सिलेंडर
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। फरार आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



