भिलाई। 08 अप्रैल, 2023, (सीजी संदेश) : ट्विन सिटी के गिरजा घरों में शुक्रवार को गुड फ्राइडे मनाया गया। इस मौके पर अलग-अलग प्रार्थना सभाएं की गई, वही सेक्टर 9 चौक से सेंट जोसेफ द वर्कर्स चर्च तक क्रूस की यात्रा भी निकाली गई जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल होकर सलीब को कंधे पर लिए शांति के गीत गाते हुए जगह जगह प्रार्थना करते हुए गुजरे। गुड फ्राइडे ईसा मसीह के क्रूस पर चढ़ने और उनकी मृत्यु की याद में मनाया जाने वाला पर्व है। क्रिश्चियन समुदाय के लिए गुड फ्राइडे व ईस्टर बहुत ही महत्वपूर्ण त्यौहार है, भारत मे ही नही बल्कि, सम्पूर्ण विश्व मे गुड फ्राइडे और ईस्टर को सेलिब्रेट किया जाता है। गुड फ्राइडे नाम सुनने से लगता है कि यह कोई जश्न होगा। लेकिन ऐसा नहीं है। गुड फ्राइडे को शोक दिवस के तौर पर मनाया जाता है। जितनी शांति से गुड फ्राइडे मनाया जाता है, उतनी ही धूम-धाम से ईस्टर को मनाया जाता है।
क्रिश्चियन कम्युनिटी चर्च
क्रिश्चियन कम्युनिटी चर्च सेक्टर 6 भिलाई में गुड फ्राइडे की आराधना का संचालन पास्टर इंचार्ज रेव्ह अर्पण तरुण द्वारा किया गया गुड फ्राइडे के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आज हमारे लिए विशेष दिन हैं कि हम गुड फ्राइडे को मना रहे हैं, ये दिन इसलिए भी विशेष है कि यदि ये दिन नहीं होता तो शायद बड़ा दिन भी मनाना व्यार्थ होता। उन्होंने हमेशा लोगों को प्रेम का संदेश दिया, लोगों को चंगाई दी उनकी आकांक्षाओं को पूरा किया, भूखों को रोटी खिलाई, मुर्दों को जिंदा किया यहां तक की 3 दिन के मुर्दे को भी जिंदा कर दिया। और उसी प्रभु को लोगों ने क्रुस पर चड्ढा दिया, इसीलिये उन्हें लगता था कि शायद यह जिंदा रहेगा तो पूरा राजपाठ इनके पास चला जायेगा। उन्हेंने तो मनुष्य को सत्य के मार्ग में, आनंद जीवन के मार्ग में और ज्योति के मार्ग में चलने की प्रेरणा दी ताकि हम इस बात को समझ सके मनुष्य का काम क्या है, मनुष्य का काम है प्रेम और क्षमा करना।
मुख्य वक्ता पास्टर डेनियल नाथ ने कहा कि जो भी भविष्यवाणियां पूर्व में की गई थी वह पूरा हुआ, जिस मिशन के लिए यीशु मसीह को इस धरती पर भेजा गया था, वह पूरा हुआ, यीशु मसीह ने हमारे पाप के लिए क्रूस पर अपना बलिदान दिया और अपने लव को बहा कर हमारे पापों का कर्ज चुका दिया, हमें मोल ले लिया। हम सब उसके दास हो गए और वह हमारा स्वामी है, हमे पापों से छुड़ा लिया, हम उसके लिए काम करते हैं उसके उद्देश्यों के लिए काम करते हैं उसके लिए समर्पित, आज्ञाकारी और विश्वास योग्य बने रहें। इस अवसर पर इस अवसर पर निर्मल कुजुर, सावधान टोप्पो, श्रीमती एसजे फिश, एस. टोप्पो, विभवकांत सैमुअल, विनय पी लॉरेंस, दीपक हेमरोम, सलीम खालको, सहित चर्च पंचायत के सदस्य एवं समस्त कलीसिया के लोग उपस्थित थे।
बैप्टिस्ट चर्च भिलाई
बैप्टिस्ट चर्च भिलाई मे आज सुबह से लोगों ने गुड फ्राइडे के अवसर पर आयोजित विशेष आराधना में उपस्थित होकर प्रार्थना की। पास्टर अजय कुमार ने आज के दिन का महत्व बताया। उन्होंने प्रभ यीशु के जन्म के अभिप्राय से लेकर मृत्यु तक के प्रसंगों की व्याख्या की। उन्होंने कहा कि प्रभु द्वारा क्रूस पर कहे सात वचन उनके सम्पूर्ण चरित्र, व्यक्तित्व और मानव के प्रति प्रेम को प्रकट करते हैं। इस दौरान सात अलग अलग लोगो ने यीशु मसीह के क्रूस पर कहे सात वाणियों का मनन किया। उन्होंने इसमें धर्म और इंसानियत का महत्व समझाया है। मसीही जीवन का मूलमंत्र भी ये सात वचन ही हैं। उन्होंने कहा, सात पहाड़ी उपदेश के जरिए आध्यात्मिक जीवन की प्रभु ने शुरुआत की, और क्रूस पर सात वचन कहकर समाप्त की। कलवारी के क्रूस का आत्मिक जीवन से घनिष्ठ संबंध है। प्रभु ने जैसा कहा वैसा ही जीवन में किया। पास्टर अजय ने लोगों को बुरी आदतें और पापी जीवन छोड़कर प्रभु की ओर लौटने का आह्वान किया। इस अवसर पर के. जॉनसन, पी. रतन, बहन बी. मेरी, जी. मोसा, के. के. अब्राहम, औेर ए. एबू ने उपदेश दिया। पास्टर अजय ने आराधना में अगुवाई की। कार्यकारी समिति के सदस्य आराधना में शामिल हुए।
मेंनो नाइट चर्च दुर्ग
मेंनो नाइट चर्च दुर्ग में मुख्य वक्ता अनिल कुमार ने क्रूस पर यीशु मसीह द्वारा बोले गए सात वचनों को दोहराते हुए बताया कि परमेश्वर का पुत्र स्वर्गीय वैभव को छोड़कर इस धरती पर आए और वह भी बिल्कुल साधारण परिवार में जन्म लेकर ताकि गरीब और शोषित लोगों के प्रति जो उनका प्यार था उसे जाहिर कर सके, सृष्टि कर्ता होकर भी उन्होंने साधारण जीवन जिया, ताकि प्रत्येक व्यक्ति तक उनका प्रेम पहुंच सके। अध्यक्ष एवं पास्टर रेव्ह. राकेश प्रकाश ने पांचवे वचन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सृष्टि को बनाने वाले को उसी के द्वारा रचित मनुष्यों ने नहीं पहचाना आकाश पृथ्वी और जल को बनाने वाले परमेश्वर के पुत्र को ही कहना पड़ा कि मैं प्यासा हूं लेकिन वह पानी की चाह वाली प्यास नहीं थी बल्कि मनुष्यों के लिए थी जो कि पाप के मार्गो को छोड़कर ईश्वर की ओर बढ़ सके। इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ. विनायक फिलिप्स, बी ग्राहम, मनीष लाजरस, डॉ. संध्या फिलिप्स, चर्च के सेवक, पंचायत सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
सेंट जोसेफ द वर्कर्स कैथोलिक चर्च
सेंट जोसेफ द वर्कर्स कैथोलिक चर्च सेक्टर 06 में फादर प्रकाश चंद्र नंद ने कहा कि यीशु मसीह ने क्रूस पर 7 बातें कहीं जिसमें वे घोषणा करते हैं कि हे पिता उन्हें क्षमा कर, यह क्षमा सभी के मनुष्य जाति के लिए कही गई है, वे क्रूस से गुड न्यूज़ देते हैं, अंत में कहते हैं कि पूरा हुआ, अर्थात जो काम उन्हें सौंपा गया था वह पूरा हुआ मनुष्य को शैतान के हाथ से अपने लहू के द्वारा छुड़ा लिया। गुड फ्राइडे वास्तव में हम सबकी भलाई के लिए है जो अति उत्तम दिन कहा जाता है, ईश्वर सचमुच में मनुष्यों से प्रेम करता है, ईश्वर ही प्रेम है, गॉड इज लव।