भिलाई 23 दिसंबर 2025। शिक्षाधानी भिलाई में राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया। शहर के सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न आयोजन किए गए। कल्याण महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा राष्ट्रीय गणित दिवस पर विभिन्न प्रतियोगी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अंतर्गत गणित के अनुप्रयोगों से संबंधित आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में कुल 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया। 21 प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। इन प्रतियोगिताओं में गणित के अलावा कला और जीव-विज्ञान के विद्यार्थियों ने न केवल भाग लिया बल्कि विजेता भी चुने गए।

गणित विभाग के अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक डॉ.मयूर पुरी गोस्वामी ने श्रीनिवास रामानुजन के संघर्ष और गणित में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.विनय शर्मा ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन में आध्यात्म एवं गणित के महत्व को सारगर्भित ढंग से उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उप प्राचार्य डॉ.लखन चौधरी ने अपने विद्यार्थी जीवन की गणितीय परिकल्पनाओं को याद करते हुए अन्य विषयों में गणित के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के प्रमुख डॉ.गुणवंत चंद्रोल, समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष के डॉ.के.एन.दिनेश, अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ.अनुराग पाण्डेय और भौतिक शास्त्र विभाग की अध्यक्ष डॉ.नीलम शुक्ला ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक श्रद्धा साहू और आभार प्रदर्शन वरिष्ठ प्राध्यापक अविनाश तिवारी ने किया। कार्यक्रम में विभाग की सहायक प्राध्यापक चेतना गौर, नेहा सिंह, गीतेश्वरी वर्मा सहित अन्य प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी उपस्थित रहे।



