हर वर्ष 23 मार्च को भारत में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन देश के उन वीर सपूतों को समर्पित है, जिन्होंने मातृभूमि की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। विशेष रूप से यह दिन महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु की याद में मनाया जाता है, जिन्हें 23 मार्च 1931 को अंग्रेज़ी हुकूमत ने फांसी दी थी। इन अमर शहीदों का बलिदान केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिल में देशभक्ति और त्याग की भावना को जीवित रखने वाली प्रेरणा है। इस दिन पूरे देश में श्रद्धांजलि सभाएं, देशभक्ति कार्यक्रम और जागरूकता अभियान आयोजित किए जाते हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इन महान नायकों के योगदान को याद रखें।
जिंदा रहने की हसरत मेरी भी है…पर मैं कैद रहकर अपना जीवन नहीं बिताना चाहता. ये विचार क्रांतिकारी भगत सिंह के हैं और शहीद दिवस पर हम सब उन्हें और उनके साथियों को याद करेंगे. शहीद दिवस हर वर्ष 23 मार्च को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि 1931 में इसी दिन भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी दी थी. देश में तीनों वीर सपूतों का बलिदान प्रेरणास्रोत के रूप में देखा जाता है. यहां आप शहीद दिवस क्यों मनाया जाता है (Shaheed Diwas in Hindi) के बारे में विस्तार से जानेंगे।
23 मार्च और 30 जनवरी का शहीद दिवस अलग क्यों है?
कई बार हम सबके मन में यह सवाल उठता है कि आखिर 23 मार्च को शहीद दिवस क्यों मनाया जाता है जबकि 30 जनवरी को भी शहीद दिवस मनाया जाता है तो दोनों में आखिर अंतर क्या है? हम आपको बताते हैं. 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की हत्या की गई थी और यही कारण है कि इस दिन को शहीद दिवस के रूप में याद किया जाता है. वहीं 23 मार्च 1931 का दिन हमारे इतिहास में एक और अत्यंत महत्वपूर्ण घटना का गवाह है – जब भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को अंग्रेजों ने फांसी दी थी. इन शहीदों के बलिदान को सलाम करते हुए, 23 मार्च को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
शहीद दिवस क्या है?
हर वर्ष 23 मार्च को शहीद दिवस मनाया जाता है क्योंकि 1931 को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी. इसलिए इन अमर शहीदों की याद में 23 मार्च को भी शहीद दिवस मनाया जाता है. इस दिन को मनाकर हम न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देते हैं बल्कि आज की पीढ़ी को उन शहीदों के जीवन और बलिदानों से परिचित भी कराते हैं।
शहीद दिवस का इतिहास
शहीद दिवस का ऐतिहासिक महत्व बहुत अधिक है क्योंकि यह भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत का प्रतीक है जो हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन (HSRA) के प्रमुख सदस्य थे. उनकी शहादत की यात्रा में कई उल्लेखनीय घटनाएं शामिल थीं और यही वजह थी कि 1931 में इसी दिन भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी दी थी. तब से 23 मार्च को शहीद दिवस मनाया जाता है और इस दिन उनके बलिदान को याद किया जाता है।
95वां शहीद दिवस समारोह
भारतीय इतिहास के कैलेंडर पर 23 मार्च की तारीख केवल एक दिन नहीं, बल्कि शौर्य का वो हस्ताक्षर है जिसे मिटाना नामुमकिन है। सन् 1931 की उस शाम, लाहौर की सेंट्रल जेल ने इतिहास का सबसे साहसी मंजर देखा, जब तीन नौजवान भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु- हँसते हुए मौत को गले लगा रहे थे।
शहीद दिवस का महत्व
शहीद दिवस उन वीरों को याद करने और श्रद्धांजलि देने का दिन है जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी. इस दिन पूरे देश में लोग स्मारक समारोहों और श्रद्धांजलि के माध्यम से शहीद नायकों को श्रद्धांजलि देते हैं. स्कूल और संस्थान छात्रों को स्वतंत्रता संग्राम के बारे में शिक्षित करने के लिए सेमिनार, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिता आयोजित करते हैं।
विचारों की गूँज: “बहरे कानों को सुनाने के लिए धमाका जरूरी है”
आजादी की लड़ाई में दो धाराएं थीं, और ये तीनों उस ‘गरम दल’ के योद्धा थे जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत की नींद उड़ा दी थी। भगत सिंह का मानना था कि ‘इंसान को मारा जा सकता है, उसके विचारों को नहीं। साम्राज्य ढह जाते हैं, पर विचार अमर रहते हैं।’ इसी दर्शन के साथ 8 अप्रैल 1929 को उन्होंने बटुकेश्वर दत्त के साथ असेंबली में बम फेंका- किसी की जान लेने के लिए नहीं, बल्कि सोई हुई हुकूमत को जगाने के लिए।
क्रांति के तीन स्तंभ
1. भगत सिंह: कलम और पिस्टल के धनी
भगत सिंह सिर्फ एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि एक प्रखर विद्वान थे। जेल की सलाखों के पीछे भी उनका अध्ययन नहीं रुका; कहते हैं फांसी के बुलावे तक वे लेनिन की जीवनी पढ़ रहे थे। उर्दू, अंग्रेजी, हिंदी और पंजाबी जैसी कई भाषाओं के जानकार भगत सिंह ने ‘अकाली’ और ‘प्रताप’ जैसे अखबारों के माध्यम से जनमानस में आजादी की अलख जगाई। सांडर्स हत्याकांड के बाद उन पर देशद्रोह का मुकदमा चला, जिसे दुनिया ‘लाहौर षड्यंत्र’ के नाम से जानती है।
2. सुखदेव: रणनीति के चाणक्य
लायलपुर (अब पाकिस्तान) की मिट्टी में जन्मे सुखदेव, भगत सिंह के बचपन के यार और वैचारिक साथी थे। लाहौर नेशनल कॉलेज के दिनों से ही दोनों का लक्ष्य एक था। सांडर्स कांड की पूरी रूपरेखा और क्रांतिकारी गतिविधियों के संचालन में सुखदेव का दिमाग सबसे तेज चलता था। मित्रता ऐसी कि मौत के फंदे तक साथ नहीं छोड़ा।
3. राजगुरु: शिवाजी की छापामार विरासत
महाराष्ट्र के पुणे से आए शिवराम हरि राजगुरु, छत्रपति शिवाजी महाराज की छापामार युद्ध शैली के कायल थे। लाला लाजपत राय पर हुए लाठीचार्ज का बदला लेने के लिए राजगुरु ने ही 19 दिसंबर 1928 को सांडर्स पर सटीक निशाना साधा था। लोकमान्य तिलक के विचारों से ओत-प्रोत राजगुरु ने निडर होकर गिरफ्तारी दी और शहादत पाई।
अंतिम सफर: हुसैनीवाला की अमर ज्योति
23 मार्च 1931 की शाम 7:23 बजे वक्त थम गया। तीन जिंदगियां देश के नाम कुर्बान हो गईं। पंजाब के हुसैनीवाला में आज भी इन तीनों वीरों की समाधियाँ हमें याद दिलाती हैं कि आजादी खैरात में नहीं, लहू से खरीदी गई है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
‘माय भारत, मेरी जिम्मेदारी’ के साथ छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में युवा करेंगे राष्ट्र निर्माण का आगाज़
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘माय भारत’ (MY Bharat) प्लेटफॉर्म द्वारा इस वर्ष शहीदी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में एक व्यापक राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। 23 मार्च 1931 को महान क्रांतिकारी भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर ने मातृभूमि की वेदी पर अपने प्राण न्यौछावर किए थे। उन्हीं अमर बलिदानियों की स्मृति और सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति गहरी जागरूकता पैदा करना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बन सकें। इस वर्ष के आयोजनों की मुख्य विशेषता “माय भारत, मेरी जिम्मेदारी” थीम है, जिसके तहत 23 मार्च को पूरे प्रदेश में एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में युवा शामिल होकर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और राष्ट्र सेवा का संकल्प लेंगे। कार्यक्रमों की यह श्रृंखला 19 मार्च से ही डिजिटल क्विज और रील मेकिंग जैसी नवाचारपूर्ण प्रतियोगिताओं के साथ शुरू हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, 22 मार्च को ‘माय भारत सिविक सेंस चैलेंज’ के अंतर्गत स्वच्छता, सड़क सुरक्षा और श्रमदान आधारित जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जो युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व का पाठ सिखाएंगी। माय भारत के राज्य निदेशक, अर्पित तिवारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान केवल स्मरण का विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी के लिए अपने कर्तव्यों को समझने की एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान के माध्यम से शहीदी दिवस को एक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है, जहां युवा केवल दर्शक की भूमिका में न रहकर ‘परिवर्तन के वाहक’ बनेंगे। इन आयोजनों के माध्यम से पूरे छत्तीसगढ़ में एकता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता का एक सशक्त संदेश प्रसारित किया जाएगा, जो एक समृद्ध और विकसित भारत की नींव को और मजबूत करेगा।
शहीद दिवस हमें यह याद दिलाता है कि आज हम जो स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह अनगिनत बलिदानों का परिणाम है। यह दिन केवल श्रद्धांजलि देने का ही नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उन्हें निभाने का भी अवसर है।।आइए, इस शहीद दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि अपने देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने में अपना योगदान देंगे। यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी उन वीरों के लिए, जिन्होंने अपने आज को हमारे कल के लिए कुर्बान कर दिया।



