दुर्ग। 23 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए दुर्ग पुलिस के सहयोग से यातायात पुलिस, दुर्ग एवं रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय राजमार्ग–53 स्थित बाफना टोल प्लाजा में निःशुल्क नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस आयोजन में कुल 200 वाहन चालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण कर आवश्यकतानुसार चश्मों का वितरण किया गया और साथ ही दंत परीक्षण एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान कर चालकों को जागरूक किया गया।
दिनांक 23 फरवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग–53 स्थित बाफना टोल प्लाजा में यातायात पुलिस, दुर्ग एवं रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल के संयुक्त सहयोग से निःशुल्क नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबी दूरी तक वाहन संचालन करने वाले चालकों में दृष्टि संबंधी समस्याएं सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बनती हैं। विशेषकर रात्रिकालीन ड्राइविंग, हाई-बीम प्रकाश, विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों की रोशनी एवं लगातार ड्राइविंग के कारण आंखों पर पड़ने वाले दबाव से दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। शिविर के माध्यम से कुल 200 वाहन चालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत जिन चालकों में दृष्टि दोष पाया गया, उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। साथ ही दंत परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। चालकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पर्याप्त विश्राम, रात्रि में सावधानीपूर्वक वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उक्त आयोजन में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वय स्थापित कर शिविर का सफल संचालन किया गया। साथ ही रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल के चिकित्सकों एवं सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस समस्त वाहन चालकों से अपील करती है कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं, वाहन चलाते समय पूर्ण सावधानी बरतें एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। सड़क सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।




