भिलाई। 21 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : श्रीराम जन्मोत्सव समिति, भिलाई द्वारा लगातार 41वें वर्ष श्रीरामनवमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस पावन आयोजन से पूर्व समिति द्वारा 22 फरवरी, रविवार को ध्वजवाहकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम श्रीराम चौक, खुर्सीपार में संपन्न होगा, जहाँ विभिन्न प्रखंडों के मंदिरों एवं पूजा स्थलों से ध्वज लेकर चलने वाले ध्वजवाहकों को समिति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समिति के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय उपस्थित रहेंगे। साथ ही समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रामभक्तों की उपस्थिति इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी। समिति के युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि श्रीराम जन्मोत्सव समिति सदैव प्रभु श्रीराम के आदर्शों को समाज तक पहुँचाने और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए समर्पित रही है। हर वर्ष भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्त ध्वजवाहक भगवा ध्वज लहराकर आयोजन को दिव्य स्वरूप प्रदान करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी समिति द्वारा सभी ध्वजवाहकों का सम्मान किया जाएगा, जो अपनी श्रद्धा और भक्ति से इस पावन आयोजन को गौरवशाली बनाते हैं।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति, भिलाई द्वारा किया जाएगा ध्वजवाहकों का सम्मान
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment




