भिलाई। 08 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : घर से नाराज होकर लापता होने वाली तीन बालिकाओं को दुर्ग पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर क्षेत्र का है। बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिलते ही घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा राजपत्रित अधिकारियो के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों एवं रेल्वे पुलिस के सहयोग से त्वरित पतासाजी करने के बाद बालिकाओं को सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 06 फरवरी को सायं लगभग 04:00 बजे थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1, सुपेला की रहने वाली तीन बालिकाएं घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं। दिनांक 07 फरवरी को परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना सुपेला में गुमशुदगी के संबंध में अपराध क्रमांक 221/2026 एवं 222/2026 कायम कर विधिवत विवेचना में लिया गया। बालिकाओं के गुम होने की सूचना प्राप्त होते ही दुर्ग जिला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए , नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक बालक विरुद्ध अपराध चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, गवाहों से पूछताछ एवं संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की गई। साथ ही आरपीएफ, जीआरपी एवं चाइल्ड लाइन को भी सूचना देकर समन्वय स्थापित किया गया। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रेल्वे पुलिस द्वारा तीनों बालिकाओं को उसलापुर, जिला बिलासपुर से सकुशल दस्तयाब किया गया है। बालिकाओं को नियमानुसार सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। सूचना मिलने पर परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
घटनास्थल :
अर्जुन नगर कैंप-1, थाना सुपेला, जिला दुर्ग
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक बालक विरुद्ध अपराध,चित्रा वर्मा के नेतृत्व में 4 टीम और सुपेला पुलिस स्टाफ, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई, तथा गठित विशेष टीमों की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका सराहनीय रही। साथ ही आरपीएफ, जीआरपी एवं चाइल्ड लाइन के सहयोग से बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया जा सका।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बच्चों के संबंध में किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर दें। समय पर सूचना मिलने से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है।



