दुर्ग। 19 मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाली महिला को पदमनाभपुर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने सेक्टर-07 भिलाई निवासी पायल से 2023 में CSPDCL में AE पद पर फर्जी नियुक्ति का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठग लिए थे। बाद में दबाव बढ़ने पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर थमा दिया। पदमनाभपुर पुलिस द्वारा शिकायत के 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया पायल, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेक्टर-07 भिलाई द्वारा थाना पदमनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई। प्रिया देशमुख द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) में सब इंजीनियर/AE पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 20 लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें से 10 लाख रुपये अग्रिम के रूप में लिए गए। आरोपिया द्वारा प्रार्थिया को अपने सहयोगी रजत गुप्ता से मिलवाया गया, जिसने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। माह नवम्बर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में प्रार्थिया को AE पद का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किया गया। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना पदमनाभपुर में अपराध दर्ज कर धारा 420, 467, 468, 120(बी) भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपिया प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण के अन्य आरोपी की तलाश जारी है। उक्त कार्यवाही में थाना पदमनाभपुर पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई रही।▪️ घटना का कारण :
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर आर्थिक लाभ अर्जित करने की नियत से धोखाधड़ी
▪️ घटनास्थल :
महाराजा चौक, मुक्त नगर, पदमनाभपुर एवं रायपुर सर्किट हाउस
▪️ आरोपी का विवरण :
1. प्रिया देशमुख, निवासी न्यू आदर्श नगर, जोन-02, पदमनाभपुर, जिला दुर्ग
▪️ जप्त सामग्री :
प्रकरण में दस्तावेजी साक्ष्य (फर्जी नियुक्ति पत्र आदि) जप्त
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें एवं सत्यापन के पश्चात ही किसी प्रकार का लेन-देन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




