दुर्ग। 14 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर घायल युवक को दुर्ग पुलिस की डायल 112 टीम द्वारा तत्काल जीआरपी के सहयोग से रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल एवं सीरियस कंडीशन होने पर रायपुर रेफर किया गया और परिजनों को सूचना देकर समुचित समन्वय स्थापित किया गया।
दिनांक 14 फरवरी को समय 14:29 बजे डायल 112 में इवेंट क्रमांक 246781 प्राप्त हुआ कि दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में एक व्यक्ति ट्रेन से गिर गया है, जिसके पैर (घुटने के नीचे) में गंभीर चोट आई है। सूचना प्राप्त होते ही डायल 112 में ऑन ड्यूटी आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल एवं चालक लकेश्वर, तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
मौके पर जीआरपी पुलिस के सहयोग से घायल व्यक्ति को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया गया तथा तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा परीक्षण उपरांत बताया गया कि पैर की स्थिति अत्यंत गंभीर है, जिसके फलस्वरूप घायल को बेहतर उपचार हेतु रायपुर रेफर किया गया। तत्पश्चात 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को रायपुर रवाना किया गया तथा एक अटेंडर को साथ भेजा गया।
घायल का नाम भूषण यादव, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी बिहार, जो वर्तमान में नागपुर क्षेत्र में कार्यरत है, किसी कार्यवश भिलाई-दुर्ग आया हुआ था। प्रारंभिक जानकारी अनुसार ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हुआ। घायल के मोबाइल से परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर तत्काल सूचना दी गई है। परिजन बिहार से दुर्ग/रायपुर हेतु रवाना हो चुके हैं।
सराहनीय कार्य :
▪️ आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल
▪️ चालक लकेश्वर
उक्त दोनों कर्मचारियों द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं मानवीय दृष्टिकोण से की गई कार्यवाही सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि रेलवे स्टेशन एवं चलती ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, जिससे समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।



