दुर्ग/भिलाई। 08 दिसंबर, 2025, (सीजी संदेश) : यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल के तत्वावधान में 07 दिसंबर को निकाली गई क्रिसमस वेलकम रैली ने पूरे शहर में उत्सव का रंग बिखेर दिया। रैली निकलने के बाद शहर में क्रिसमस का उल्लास और भी अधिक गहरा गया। दुर्ग–भिलाई के 120 से अधिक गिरजाघरों के हजारों लोगों की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बना दिया। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधायक दुर्ग शहर अरुण वोरा, दुर्ग शहर कांग्रेस के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव, सीजू एंथोनी, आर एन वर्मा, साजन जोसफ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रैली में पहुंचकर समाज के लोगों को क्रिसमस की बधाई दी।

रैली की शुरुआत दोपहर 2:00 बजे मुर्गा चौक मे विशेष प्रार्थना के साथ की गई, जहां भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने पहुंचकर लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। जिसके बाद श्रद्धालुओं का विशाल जत्था स्तुतिगान, बैंड, बैनर एवं प्रभु यीशु के जन्म संदेश से सजे हुए झाँकियों के साथ आगे बढ़ा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों तक, सभी ने मिलकर इस रैली को उत्साहपूर्ण बनाया। बच्चों के समूहों ने प्रभु के जन्म से जुड़े गीतों और कोरस से वातावरण को खुशनुमा बना दिया।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अमित जोगी उपस्थित रहे। उन्होंने रैली के सफल आयोजन के लिए यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल के सदस्यों को बधाई दे साथ ही रैली में शामिल होने वाले प्रत्येक चर्च के पासवानों को भी क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ने इस रैली ने मसीही समाज के एकता और विश्वास को मजबूत किया है। और प्रभु यीशु मसीह ने जो हमें आज्ञा दी है कि इस दुनिया में प्रेम का संदेश दो उसका हमें पालन करना है। हमारा एक ही राजा है जो राजाओं का राजा है प्रभु यीशु मसीह उसने हमें विभिन्न शीशों से नवाजा है। पवित्र आत्मा का वरदान दिया है। छत्तीसगढ़ के भिलाई से निकलने वाले इस रैली ने आज पूरी दुनिया को प्रेम शांति और भाईचारे का संदेश दिया है।

रैली निकालने के बाद मार्ग में पड़ने वाले हर चौक–चौराहे पर शांति, सद्भाव, भाईचारे और शहर की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थनाएँ की गईं। दुपहरी की धूप में भी लोगों का जोश कम नहीं हुआ और रैली में शामिल लोग प्रभु यीशु के प्रेम, दया और करुणा का संदेश शहरवासियों तक पहुँचाते रहे। मार्ग में अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों, नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत सत्कार के माध्यम से रैली का अभिवादन किया।

यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल ने आयोजन के बाद अपने संदेश में कहा कि क्रिसमस वेलकम रैली का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समस्त समाज तक प्रभु के जन्म के संदेश को पहुँचाना है। परिषद ने अपील की कि “सभी मसीही भाई–बहन आगामी कार्यक्रमों में भी एकता का परिचय दें। प्रत्येक परिवार से कम-से-कम एक सदस्य अवश्य भाग ले, क्योंकि यह समय मसीही एकता और प्रभु यीशु के जन्म के आनंद को साझा करने का है।”

रैली के सफल समापन के बाद पूरा शहर क्रिसमस के माहौल से भर उठा है। चर्चों में सजावट, क्रिसमस कैरल की ध्वनियों और समाज की एकजुटता ने इस वर्ष के क्रिसमस उत्सव की शुरुआत को और भी यादगार बना दिया। शहरवासियों ने आशा व्यक्त की कि यह रैली आने वाले दिनों में प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश और अधिक मजबूती से फैलाएगी।

आयोजन को सफल बनाने में, एम. जोनाथन (यूसीसी अध्यक्ष), सचिव-सुभाष पॉल, कोषाध्यक्ष- अभिषेक शॉवल, रेव. अर्पण तरुण, रेव. डॉ. विनोद आचार्य, ब्र. सुभाष पॉल, रेव. फादर साबू, रेव. ओबेद दास, रेव. पी.के. दास, फादर जैकब थॉमस, रेव. रुबेश डैनियल, रेव. सिबू थॉमस, ब्र. स्पेंसर, रेव. राकेश प्रकाश, रेव. असीम कुमार, रेव. दीपू जेना, रेव. बीसी पाक, रेव. एसआर टांडी, रेव. अमित, रेव. जोबेन्सन बेनी,
ब्र. जॉयल, ब्र. पी जोशुआ, ब्र. सैमुअल डेविड, बहन शीला सैमुअल, रेव्ह.पॉल सोमनाथन, रेव्ह.निर्मल कुजूर, ब्र. के.पी.थॉमस, ब्र. ए.डी. विंसेंट, प्रसाद बाबू, ब्र. धीरज एवं टीम सराहनीय योगदान रहा।



