भिलाई। 05 दिसंबर, 2025, (सीजी संदेश) : केएच ग्रुप ऑफ सकूल्स द्वारा संचालित केएच टाइनी टॉट जवाहर नगर और जामुल में पढ़ने वाले प्री प्राइमरी के बच्चों ने शुक्रवार को फार्म हाउस का भ्रमण किया। क्लास में पढ़ाई चल रही थी, प्लांट्स के बारे में, फ्रूट्स के बारे में, वेजिटेबल्स के बारे में। फिर आज का दिन “वर्ल्ड स्वायल डे” भी था तो टीचर्स ने सोचा, क्यों ना बच्चों को लर्निंग एक्सपीरियंस दिया जाए। फिर क्या था-बस में सवार होकर सभी बच्चे टीचर्स के साथ बागडूमर स्थित फार्म हाउस पहुंच गए।
फार्म हाउस पहुंचते ही बच्चे खुशी से चहकने लगे। क्योंकि यहां उन्होंने प्लांट्स में लगे ऐसे वेजिटेबल्स देखे जो अभी तक उन्होंने अपने घरों या दुकानों में ही देखा था। प्लांट्स पर लगे टमाटर, भिंडी, बैंगन, मिर्च देख वे खुश हो गए। यही नहीं उन्होंने फूलगोभी, पत्ता गोभी, लौकी, बरबटी आदि के प्लांट्स भी देखे। वृक्षों में फले जाम, नींबू देखकर बच्चे बहुत खुश हुए। वे फार्म हाउस में काम कर रहे किसानों से भी मिले। किसानों ने उन्हे बताया कि यहां किस तरह से वेजिटेबल्स उगाये जाते हैं। कुछ वेजिटेबल्स और फ्रूट्स को उन्होंने तोड़कर बच्चों के हाथों में दिया, बच्चे इन्हें पाकर प्रफुल्लित हो उठे। बच्चे ट्रैक्टर पर भी बैठे। किसानों ने उन्हें पूरा फार्म हाउस घुमाया।
ग्रुप की एजुकेशनल डायरेक्टर सृष्टि झा ने बताया कि बच्चे बुक्स में तो प्लांट्स, वेजिटेबल, फ्रूट्स को पढ़ रहे हैं लेकिन यह कैसे उगाए जाते हैं इस बारे में इन्हें कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए बच्चों को प्रैक्टिकल नॉलेज देने के लिए फार्म हाउस ले जाया गया। यहां बच्चों ने देखा कि किसान किस तरह से खेती करते हैं, किस तरह पौधों को लगाते हैं, खाद देते हैं, पानी देते हैं, किस तरह दवा का छिड़काव किया जाता है। यह सब देख बच्चों को प्लांट्स के बारे में काफी जानकारी मिली। अब वह अपने बुक में प्लांट्स को पढ़ेंगे तो उन्हें समझने में बहुत आसानी होगी।



