भिलाई। 07अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : जन स्वास्थ्य विभाग ने विश्व स्वास्थ्य दिवस को अपने वार्षिक उत्सव के रूप में इस वर्ष भी गरिमामय ढंग से मनाया। महात्मा गाँधी कलामंदिर, सिविक सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार रहे, जबकि अध्यक्षता महाप्रबंधक प्रभारी (नगर प्रशासन एवं सी.एस.आर.) ए.बी. श्रीनिवास ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर, प्रदूषण नियंत्रण मंडल की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री अनीता सावंत, सेफी चेयरमैन एन.के. बंछोड़, महाप्रबंधक (स्वास्थ्य सेवाएँ) शाहिद अहमद, महाप्रबंधक (सम्पदा) आर.के. साहू, महाप्रबंधक (उद्यानिकी) डॉ. नवीन कुमार जैन, महाप्रबंधक (नगर सेवा) एम.के. साहू, महाप्रबंधक (पीएचडी) के.के. यादव तथा महाप्रबंधक सौमिक डे उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
स्वागत उद्बोधन में ए.बी. श्रीनिवास ने कहा कि नगर की स्वच्छता रोगों की रोकथाम की पहली शर्त है और साफ वातावरण ही स्वस्थ समाज का आधार है। उन्होंने जन सहयोग से स्वच्छ नगर निर्माण का आह्वान किया।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के इस वर्ष के नारे “अच्छा स्वास्थ्य—विज्ञान के साथ” पर वक्तव्य देते हुए डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि विज्ञान स्वस्थ समाज के निर्माण का सर्वोत्तम माध्यम है और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ही रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। सुश्री अनीता सावंत ने सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये हमारे शहर के मौन प्रहरी हैं, जिनके प्रयासों से स्वच्छता का वातावरण संभव होता है।
मुख्य अतिथि पवन कुमार ने कहा कि स्वच्छता का महत्व सफाई मित्रों को समझाना सूर्य को दीप दिखाने जैसा है, क्योंकि वे ही स्वच्छ समाज के सच्चे साधक हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के अथक प्रयासों से हमारे अस्पतालों पर उपचार का बोझ घटता है। उन्होंने सभी को नशा छोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
सभा को अधिकारी संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र बंछोड़ ने संबोधित करते हुए सफाई मित्रों की निष्ठा और परिश्रम की सराहना की। विभागाध्यक्ष के.के. यादव ने विभागीय वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आगामी योजनाओं की रूपरेखा बताई।
कार्यपालक निदेशक (एच.आर.) पवन कुमार द्वारा 42 उत्कृष्ट सफाई मित्रों को उनके अनुकरणीय कार्य एवं समर्पण के लिए सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनिल पाण्डेय ने किया और आभार प्रदर्शन सहायक महाप्रबंधक (जन स्वास्थ्य) रमेश गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं डेंगू जागरूकता पर निर्मित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर श्उप महा प्रबंधक आर के गर्ग, उप महा प्रबंधक रवि कुमार फुले, सहायक महा प्रबंधक विनोद भोंदेकर, सहायक महा प्रबंधक (इनफ़ोर्समेंट ) रेमी थॉमस, पी.एल. साहू, विनोद भोंडेकर, मृदुल गुप्ता, मुकुंददास मानिकपुरी, देवानंद चौहान, स्वास्थ्य निरीक्षक नागराजू, सरतदीप, सुभाष चंद महाराणा, विश्वनाथ देवांगन, प्रकाश बंछोड़, गोपाल वर्मा, ज्ञानेंद्र पाण्डेय, विद्याचरण लहरे, लोकेश बघेल और राजेश शर्मा सहित लगभग 250 सफाई मित्र उपस्थित रहे।
अंत में नगर सेवाएँ विभाग द्वारा सभी सफाई मित्रों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन सौहार्द और आत्मीयता के वातावरण में हुआ।



