भिलाई। 17 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के विभिन्न विभागों में कार्यरत ठेका श्रमिकों के बकाया भुगतान को लेकर भिलाई इस्पात मजदूर संघ (BMS) ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ के पदाधिकारियों ने संयंत्र के महाप्रबंधक (GM) विकास चन्द्रा से मुलाकात कर ठेका खत्म होने के बावजूद श्रमिकों को अब तक न मिले बोनस, छुट्टी के नकदीकरण (Leave Encashment) और रिट्रेंचमेंट राशि के शीघ्र भुगतान की मांग की है।
प्रमुख मुद्दे और विभाग:
यूनियन के अनुसार, कई ठेका कंपनियों द्वारा काम पूरा होने के बाद भी श्रमिकों का वैधानिक भुगतान रोका गया है, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:-
1. रोजी एंटरप्राइजेस: ओ.एच.पी (OHP) विभाग
2. यादव ब्रदर्स इंजीनियरिंग: मार्स-1 (MARS-1) विभाग
3. मैप इंजीनियरिंग: एस.पी.-3 (SP-3) विभाग, यू.आर.एम (URM) विभाग के संबंधित ठेकेदार
यूनियन की चेतावनी:
भिलाई इस्पात मजदूर संघ के संयुक्त महामंत्री वशिष्ठ वर्मा और हरी शंकर चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि ठेका श्रमिकों का पसीना सूखने से पहले उनका भुगतान होना चाहिए। उपाध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता, विनोद उपाध्याय और बसंत वर्मा ने प्रबंधन को पत्र सौंपते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द श्रमिकों के खातों में बकाया राशि नहीं पहुंची, तो यूनियन उग्र आंदोलन और आगे की कार्रवाई के लिए बाध्य होगी।
प्रबंधन का आश्वासन:
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक विकास चन्द्रा ने यूनियन को आश्वस्त किया है कि सभी तकनीकी पहलुओं की जाँच कर जल्द ही श्रमिकों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। मजदूर संघ ने दो टूक शब्दों में कहा है कि श्रमिकों के आर्थिक अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे इस मामले पर निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं।



