दुर्ग। दुर्ग बाईपास टोल प्लाजा में अब CG 07 रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा इस आशय का आदेश जारी कर दिया गया है। कलेक्टर सभाकक्ष में टोल प्लाजा की व्यवस्था के संबंध में कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक ली गई। स्थानीय वाहनों से टोल टैक्स लेने व दुर्ग शहर से गुजरने वाले भारी माल वाहकों के विषय में चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दुर्ग परिवहन कार्यालय सी.जी. 07 से पंजीकृत नाॅन कर्मिशियल व्हीकल को दुर्ग बाॅयपास प्रोजेक्ट के टोल प्लाजा द्वारा एक जून से किसी भी प्रकार के टोल टैक्स वसूली से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया। पूर्व की भाॅति भारी वाहनों का प्रवेश निषेध करने बाबत् हाइट गेज स्थल चयन हेतु डी.एस.पी. ट्रेफिक, ई.ई. पी. डब्ल्यू डी. जिला खाद्य अधिकारी, जिला खनिज अधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक दुर्ग बाॅय पास की कमेटी ने स्थान का चिन्हांकन कर लिया है। यह अंजोरा पुलिस चैकी के सामने और ओद्योगिक क्षेत्र सड़क से ग्राम रसमड़ा के मोड़ के पास किया गया है। प्रशासन के द्वारा चिन्हांकित स्थल पर दुर्ग बाॅय पास प्रोजेक्ट द्वारा 1 जून तक निर्धारित हाईट गेज स्थापित किया जाएगा। इस बैठक में धीरज बाकलीवाल महापौर दुर्ग, अंकित आनंद कलेक्टर दुर्ग, अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग, गुरजीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक यातायात दुर्ग, संजय वर्मा, परियोजना प्रबंधक एन.एच.आई. दुर्ग, हेमंत कुमार, परियोजना प्रबंधक दुर्ग बाॅय पास, ऋषभ जैन पार्षद नगर निगम दुर्ग अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।