भिलाई। 07 जून, 2025, (सीजी संदेश) : छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ अजाक्स, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ, सोशल जस्टिस एंड लीगल फाउंडेशन छत्तीसगढ़, ओबीसी संयुक्त मोर्चा व अन्य सामाजिक संगठनो के संयुक्त तत्वावधान मे एससी एसटी ओबीसी के संवैधानिक अधिकार यथा पदोन्नति मे आरक्षण, जनसंख्या के आधार पर आरक्षण, आरक्षित वर्गो के लिए छात्रवृत्ति मे 2.50 लाख की आय सीमा को समाप्त करने, फर्जी जाति प्रमाण पत्र धारको पर कार्यवाही किये जाने, जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरलीकरण किये जाने, छत्तीसगढ़ लोक सेवा (अजा/अजजा, पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण) अधिनियम 1994 के प्रावधानो को शत-प्रतिशत लागू किये जाने, बैकलॉग की पूर्ति हेतु विशेष भर्ती अभियान चलाये जाने सहित अन्य मांगो को लेकर 11 जून को प्रातः 10 बजे से तूता रायपुर मे राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन आंदोलन आयोजित किया गया है। इस आंदोलन के प्रचार-प्रसार हेतु सतनाम भवन सेक्टर 6 भिलाई मे आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय बौद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल मेश्राम ने कहा कि एससी एसटी ओबीसी वर्गो को अपने संवैधानिक अधिकारो की प्राप्ति के लिए मजबूती के साथ आंदोलन को सफल बनाना होगा। गुरू घासीदास सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष बी.एल.कुर्रे ने कहा कि किसी भी आंदोलन व प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सामाजिक एकजुटता अनिवार्य है यही सफलता का आधार होगा। ओबीसी संयुक्त मोर्चा के टी.सी. परगनिहा ने कहा कि डा.बाबासाहेब आम्बेडकर ने संविधान के अनुच्छेद 340,341,342 मे क्रमशः ओबीसी, एससी, एसटी को सेवाओ मे आरक्षण हेतु अधिसूचित किया है इसलिए इन तीनो वर्गो को एक प्लेटफार्म पर खड़े होना ही होगा तभी संवैधानिक लड़ाई सफल हो पायेगी। विद्युत मंडल के मुख्य अभियंता हर्ष मेश्राम ने कहा कि यह आंदोलन आरपार की लड़ाई है इसलिए पूरे दमखम के साथ आपसी एकता का परिचय देना होगा। आदिवासी समाज की चन्द्रकला तारम व अनुसूइया ठाकुर तथा सतनामी समाज महिला मंडल की मीना टंडन ने कहा कि हम सभी सामाजिक महिलाओ को सपरिवार आंदोलन मे शामिल होना होगा तभी आंदोलन मे जान आयेगी। विनोद वासनिक उपाध्यक्ष भारतीय बौद्ध महासभा भिलाई ने कहा कि सभी सामाजिक संगठन व संस्थाओ के सदस्यो को अपनी खुद की लड़ाई समझकर घर से निकलना होगा तभी हमारा धरना-प्रदर्शन और आंदोलन सफल होगा। सोजलिफ के संयोजक अनिल बनज ने आंदोलन की पूरी रूप रेखा बताते हुए कहा कि इस आंदोलन से अजा अजजा पिछड़ा वर्ग की अस्मिता जुड़ी हुई है इसलिए कमर कस कर इसे सफल बनाने का प्रण सभी सामाजिक बंधुओ को लेना होगा। बैठक मे भूषण नादिया, सुनील चौहान, विनोद भारती, एन.आर.गिलहरे, त्रिलोचन दलाई, कमल भूआर्य, नाहर सिंह कुर्रे, पी.आर.ठाकुर, राजेश्वर राय, मीना टंडन, उमा सिंग, सुशील सूर्यवंशी, अखिलेश मरावी, डा.सी.आर.नेताम, एन.पी.यादव, मनराखन वर्मा, दिलेश्वर नागवंशी, दशरथ अहिरवार, भागवत बंजारे, गजेंद्र खिलाड़ी, एस.पी.बारले, ओ.पी. वैद्य, प्रकाश जांगडे सहित अनेक सामाजिक प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।