भिलाई। 11 अक्टूबर, 2024, (सीजी संदेश) : भिलाई के प्रतिष्ठित युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल द्वारा आयोजित गणेश पूजा, दुर्गा पूजा एवं अब भव्य दशहरा का आयोजन बडे ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा ।दशहरा महोत्सव में इस वर्ष कुछ विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। 75 फ़ीट ऊँचा रावण के पुतले एवं 50 फ़ीट ऊँचा कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतलों के साथ आन्ध्रप्रदेश काकीनाड़ा के प्रसिध्द आतिशबाजी एवं आई पी एल स्तर की रंगबिरंगी आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जायेगा। इस पावन अवसर पर हमारे बीच उपस्थित होंगी राष्ट्रीय स्तर की प्रसिद्ध भजन गायिका, सुश्री लक्ष्मी दुबे।
विशेष आकर्षण:
इस साल दशहरे के अवसर पर भक्तों के लिए विशेष संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें सुश्री लक्ष्मी दुबे अपनी मधुर आवाज़ में देशभक्ति और आध्यात्मिक भजनों का गायन करेंगी। सुश्री लक्ष्मी दुबे ने अपने संगीतमय सफर में भक्तिमय भजनों के माध्यम से लाखों दिलों को छुआ है और उनके गीत “हर घर भगवा छाएगा” ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। यह संगीतमय कार्यक्रम दशहरे की आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह को और अधिक प्रज्वलित करेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, दुर्ग सांसद विजय बघेल तथा विशेष अतिथि वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जानेमाने उद्योगपति एवं केडिया ग्रुप के वाइस चेयरमैन नवीन केडिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का विवरण:
तिथि: 12 अक्टूबर 2024
समय: शाम 7:00 बजे से
स्थान: सेक्टर 7 हाईस्कूल दशहरा मैदान युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल परिसर, भिलाई
इस अवसर पर आप सुश्री लक्ष्मी दुबे के भजनों के साथ-साथ पारंपरिक रामलीला और रावण दहन के कार्यक्रम का भी आनंद उठा सकेंगे। दशहरा, बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, और यह महोत्सव इस संदेश को संपूर्ण भक्ति और उल्लास के साथ मनाएगा।समिति के द्वारा 10,000 दस हज़ार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है एवं साथ में स्वल्पाहार की भी व्यवस्था महावीर डेवलपर्स की ओर से किया जायेगा ।



 
             
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
							
													 
											 
                                 
                             
 
         
         
        