भिलाई। 06 फरवरी 2022 (सीजी संदेश) : श्री शंकराचार्य टेक्निकल कैंपस, जुनवानी भिलाई की दो छात्राए कुमुदिनी साव और सजल साहू का चयन लीलावती पुरुस्कार के लिए हुआ है। यह पुरुस्कार 8 मार्च को महिला दिवस के दिन दिल्ली में दिया जायेगा। यह पुरुस्कार महिलाओं की आत्मरक्षा के लिए कार्य करने के लिए प्रदान किया जा रहा है। छात्राओं ने यह कार्य राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. अंचला जैन एवम डॉ. डी एस रघुवंशी के मार्गदर्शन में किया है। महिला सशक्तिकरण की थीम पर आधारित लीलावती पुरस्कार की घोषणा साल 2020 में केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद’ के अभिनव शिक्षा कार्यक्रम के दौरान की गई थी। इस पुरस्कार का उद्देश्य निपटान, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, साक्षरता, रोजगार, प्रौद्योगिकी, ऋण, विपणन, नवाचार, कौशल विकास, प्राकृतिक संसाधन और महिलाओं के अधिकारों जैसे मुद्दों के प्रति जागरुकता पैदा करना है। इस पुरस्कार का उद्देश्य जीवन के सभी क्षेत्रों में महिलाओं के साथ ‘समानता और निष्पक्षता’ का व्यवहार करने के लिए जन जागरूकता फैलाना है। साथ ही साथ लैंगिक भेदभाव के प्रचलित मुद्दों जैसे- अशिक्षा, बेरोजगारी, आर्थिक और पोषण संबंधी असमानताएं, मातृ मृत्यु दर, मानव अधिकार आदि का समाधान करना है। श्री गंगाजली एजुकेशन सोसाइटी के चेयरमैन आई.पी.मिश्रा, प्रेसिडेंट श्रीमती जया मिश्रा, डायरेक्टर डॉ पी.बी.देशमुख एवं वाईस प्रिंसिपल डॉ. जसपाल बग्गा ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है ।