रायपुर। 22 फरवरी 2022 (सीजी संदेश) : नवा रायपुर स्थित आईटीएम विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आईटीएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विकास सिंह के आशीर्वचन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कुलपति डॉ. सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा भारत देश भाषायी, सांस्कृतिक विविधता और बहुभाषावाद का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम की रुपरेखा पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 से यूनेस्को ने प्रतिवर्ष 21 फरवरी को भाषायी और सांस्कृतिक विविधता तथा बहुभाषावाद के विषय में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिये अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाने की शुरुआत की थी। यह दिन बांग्ला भाषा के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए भी याद किया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर विश्वविद्यालय में छात्र -छात्राओं के लिए पोस्टर, नृत्य, गायन एवं निबंध प्रतियोगिता का ऑनलाइन आयोजन किया गया। जिसमें सभी संकाय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने अपनी -अपनी मातृभाषा में कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. निष्ठा शर्मा, प्रो. हरीश बर्मन, प्रो. फैसल खान एवं प्रो. रचना निगम ने किया। कार्यक्रम में सभी संकायों से विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद थे।