रायपुर। 04 नवम्बर : खैरागढ़ विधानसभा से विधायक एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता देवव्रत सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। परिवारजनों ने बताया कि देवव्रत सिंह को रात करीब एक बजे सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायक और पूर्व सांसद श्री देवव्रत सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। श्री बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ ने एक ऊर्जावान और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया है।
श्री सिंह का कम उम्र में निधन प्रदेश की राजनीति को अपूरणीय क्षति है। श्री देवव्रत सिंह खैरागढ़ विधानसभा से चार बार विधायक और एक बार राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे हैं। मुख्यमंत्री ने श्री देवव्रत सिंह के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ शाम को खैरागढ़ में अंतिम संस्कार किया गया।