श्रीराम नवमी का त्यौहार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी मनाया जाता है. हिंदू धर्मशास्त्रों के अनुसार इस दिन मर्यादा-पुरूषोत्तम भगवान श्री राम का जन्म हुआ था। हिन्दु धर्म शास्त्रों के अनुसार त्रेतायुग में रावण के अत्याचारों को समाप्त करने तथा धर्म की पुन: स्थापना के लिये भगवान विष्णु ने मृत्यु लोक में श्री राम के रूप में अवतार लिया था. श्रीराम चन्द्र का जन्म चैत्र शुक्ल की नवमी के दिन पुनर्वसु नक्षत्र तथा कर्क लग्न में रानी कौशल्या की कोख से, राजा दशरथ के घर में हुआ था।
धार्मिक मान्यताओं अनुसार इस दिन भगवान राम और सीता के साथ मां दुर्गा और भगवान हनुमान की पूजा भी होती है। कहा जाता है कि इस दिन भगवान राम की पूजा करने से व्यक्ति को जीवन में यश व सम्मान की प्राप्ति होती है। रामनवमी के दिन ही चैत्र नवरात्र की समाप्ति भी हो जाती है। जानिए राम नवमी की पूजा विधि, मुहूर्त, कथा और आरती…
रामनवमी का इतिहास
यह पर्व पिछले कई हजार सालों से मनाया जा रहा है। ये त्योहार भगवान विष्णु के सातवें अवतार भगवान राम के जन्म के रूप में मनाया जाता है। महाकाव्य रामायण के अनुसार अयोध्या के राजा दशरथ की तीन पत्नियाँ थीं लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें किसी भी पत्नी से संतान सुख की प्राप्ति नहीं हो पाई थी। पुत्र प्राप्ति के लिए राजा दशरथ को ऋषि वशिष्ठ ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराने का सुझाव दिया। इसके पश्चात् राजा दसरथ ने श्रृंगी ऋषि से ये यज्ञ कराया। यज्ञ समाप्ति के बाद महर्षि ने दशरथ की तीनों पत्नियों को एक-एक कटोरी खीर खाने को दी। जिसके कुछ महीनों बाद ही तीनों रानियाँ गर्भवती हो गयीं। राजा दशरथ की सबसे बड़ी रानी कौशल्या ने भगवान राम को जन्म दिया वहीं कैकयी ने भरत को, सुमित्रा ने जुड़वा बच्चों लक्ष्मण और शत्रुघ्न को जन्म दिया। भगवान राम का जन्म धरती पर रावण को खत्म करने के लिए हुआ था। ऐसा भी कहा जाता है कि नवमी के दिन ही स्वामी तुलसीदास ने रामचरित मानस की रचना शुरू की थी।
कैसे मनाते हैं राम नवमी?
इस दिन भगवान श्री राम की भक्ति में डूबकर भजन कीर्तन किये जाते हैं। श्री राम कथा सुनी जाती है। कई जगह रामचरित मानस का पाठ करवाया जाता है। श्री राम स्त्रोत का पाठ किया जाता है। भगवान श्री राम की प्रतिमा को झूले में भी झुलाया जाता है। रामनवमी को उपवास भी रखा जाता है। मान्यता है कि रामनवमी का उपवास रखने से सुख समृद्धि आती है और पाप नष्ट होते हैं।
राम नवमी शुभ मुहूर्त
नवमी तिथि प्रारम्भ – अप्रैल 21, 2021 को 12:43 ए एम बजे Also Read – Ram Navami 2021 Date: साल 2021 में इस दिन मनाया जाएगा राम नवमी का त्योहार, जानें शुभ मुहूर्त और महत्व
नवमी तिथि समाप्त – अप्रैल 22, 2021 को 12:35 ए एम बजे
रामनवमी का महत्व
यह पर्व भारत में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है. रामनवमी के दिन ही चैत्र नवरात्र की समाप्ति भी हो जाती है. हिंदु धर्म शास्त्रों के अनुसार इस दिन भगवान श्री राम जी का जन्म हुआ था अत: इस शुभ तिथि को भक्त लोग रामनवमी के रूप में मनाते हैं एवं पवित्र नदियों में स्नान करके पुण्य के भागीदार होते है.
राम नवमी पूजा विधि
नवमी की तिथि वाले दिन प्रात:काल स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें. पूजा स्थान को शुद्ध करने के बाद पूजा आरंभ करें. हाथ में अक्षत लेकर व्रत का संकल्प लें. भगवान राम का पूजन आरंभ करें. पूजन में गंगाजल, पुष्प, 5 प्रकार के फल, मिष्ठान आदि का प्रयोग करें. रोली, चंदन, धूप और गंध आदि से षोडशोपचार पूजन करें. तुलसी का पत्ता और कमल का फूल अर्पित करें. पूजन करने के बाद रामचरितमानस, रामायण और रामरक्षास्तोत्र का पाठ करना अति शुभ माना गया है. पूजा समापन से पूर्व भगवान राम की आरती करें।
रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम की पूजा करने के साथ हवन भी किया जाता है। कहते हैं कि रामनवमी के दिन हवन करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। जानिए रामनवमी पर हवन-पूजन का शुभ मुहूर्त, हवन सामग्री और विधि-
राम नवमी पर हवन का शुभ मुहूर्त-
हिंदू पंचांग के अनुसार, 21 अप्रैल को रामनवमी देर रात 12 बजकर 43 मिनट से शुरू होगी। जो कि 22 अप्रैल की सुबह 12 बजकर 35 मिनट तक रहेगी।
पूजा मुहूर्त- 21 अप्रैल के दिन सुबह 11 बजकर 2 मिनट से दोपहर एक बजकर 38 मिनट तक रहेगा।
पूजा की कुल अवधि- 2 घंटे 36 मिनट।
हवन सामग्री-
रामनवमी पर हवन सामग्री में नीम, पंचमेवा, जटा वाला नारियल, गोला, जौ, आम की लकड़ी, गूलर की छाल, चंदन की लकड़ी, अश्वगंधा, मुलेठी की जड़, कपूर, तिल, चावल, लौंग, गाय की घी, इलायची, शक्कर, नवग्रह की लकड़ी, आम के पत्ते, पीपल का तना, छाल, बेल, आदि को शामिल करना चाहिए।
हवन विधि-
राम नवमी के दिन व्रती को सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान आदि से निवृत्त होकर साफ- स्वच्छ वस्त्र पहनने चाहिए। इसके बाद हवन के लिए साफ-सुथरे स्थान पर हवन कुंड का निर्माण कर करना चाहिए। अब गंगाजल का छिड़काव कर सभी देवताओं का आवाहन करें। अब हवन कुंड में आम की लकड़ी और कपूर से अग्नि प्रज्जवलित करें। इसके बाद हवन कुंड में सभी देवी- देवताओं के नाम की आहुति डालें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हवनकुंड में कम से कम 108 बार आहुति डालनी चाहिए। हवन समाप्त होने के बाद भगवान राम और माता सीता की आरती उतारनी चाहिए।
श्री राम जी की आरती…
आरती कीजै रामचन्द्र जी की।
हरि-हरि दुष्टदलन सीतापति जी की॥
पहली आरती पुष्पन की माला।
काली नाग नाथ लाये गोपाला॥
दूसरी आरती देवकी नन्दन।
भक्त उबारन कंस निकन्दन॥
तीसरी आरती त्रिभुवन मोहे।
रत्न सिंहासन सीता रामजी सोहे॥
चौथी आरती चहुं युग पूजा।
देव निरंजन स्वामी और न दूजा॥
पांचवीं आरती राम को भावे।
रामजी का यश नामदेव जी गावें॥
श्रीराम रक्षा स्तोत्र का पाठ करना माना गया है फलदायी...
राम नवमी के दिन व्रत रखने और विधि विधान से पूजा करने पर व्यक्ति की समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। इस दिन राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करने से सभी कष्टों का निवारण हो जाता है।
भगवान
श्री राम
के मंत्र…
ॐ श्री रामाय नमः॥
श्री राम जय राम जय जय राम॥
ॐ दाशरथये विद्महे सीतावल्लभाय धीमहि,
तन्नो राम प्रचोदयात्॥
राम नवमी के दिन कन्या पूजन की भी है परंपरा…
नवरात्रि कन्या पूजन के लिए नौ कन्याओं और एक लड़के को आमंत्रित कर लें। सभी के आने पर उनके पैर धोएं और उन्हें आसन पर बिठाएं। इसके बाद कन्याओं और एक बालक को रोली, कुमकुम, अक्षत से तिलक लगाएं। फिर गाय के उपले को जलाकर उसमें लौंग, कपूर और घी डालें। कन्याओं के लिए बनाए गए भोजन को पहले माता रानी को अर्पित करें। इसके बाद सभी कन्याओं और लांगुरिया को भोजन परोसना शुरू करें। जब सभी कन्याएं और बालक भोजन कर लें तो उन्हें अपनी इच्छा के अनुसार दान-दक्षिणा दें। सभी कन्याओं के पैर छूकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। अंत में सभी कन्याओं को विदा करें और उनके पर जल के छींटें डालें।
कलियुग में राम नाम का महत्व
हिंदू शास्त्रों की काल गणना के अनुसार वर्तमान समय कलियुग चल रहा है। अनीति अत्याचार से भरे इस काल में ऐसी मान्यता है कि भगवान राम का नाम ही मनुष्य को तमाम भवबधाओं से पार कर देता है। कलियुग में राम नाम का स्मरण ही मनचाहा फल प्रदान करता है। कहा गया है कि अंतिम समय में राम नाम लेने वाला व्यक्ति मोक्ष को प्राप्त करता है।