दुर्ग। लगभग दो महीने में ग्राम भाठागांव में बीस एकड़ में लगाए गए मुनगा के साढ़े छह हजार पौधे अब सफलता से बढ़ रहे हैं। इस प्लांटेशन कार्य को आज संभागायुक्त श्री टीसी महावर ने देखा। उन्होंने कहा कि कई मायने में यह कार्य बहुत महत्वपूर्ण है। इसमें कई पहलु शामिल हैं। जैसे मुनगा प्लांटेशन के माध्यम से पौधरोपण का बड़ा काम है। मुनगा कुपोषण से लडऩे में बहुत बड़ा माध्यम साबित होता है। इसके अलावा आजकल औषधीय उपयोग के लिए भी मुनगा की बड़ी भूमिका सामने आई है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने बताया कि मनरेगा के माध्यम से प्लांटेशन का कार्य किया गया। ड्रिप इरीगेशन और बोर की सुविधा के लिए डीएमएफ से पंद्रह लाख रुपए दिये गए। इस प्रकार केवल दो महीनों में ही यह तैयार हो गया है। मुनगा के पौधों की उत्तरजीविता कम रहती है लेकिन यहां पौधे पनप रहे हैं।
कलेक्टर ने बताया कि इसमें स्वसहायता समूह भी जुड़े हुए हैं। उद्यानिकी विभाग द्वारा इन्हें सब्जी रोपण के संबंध में तकनीकी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदाय किया जा रहा है। इसके माध्यम से एक पूरी पंक्ति में बरबट्टी, करेला एवं अन्य सब्जी लगाई जा रही है। इसके अलावा गेंदा जैसे फूलों का रोपण भी किया गया है। संभागायुक्त ने ठकुराइनटोला में सोलर प्रोजेक्ट देखा। यह बिल्कुल खारून नदी से लगकर बनाया जा रहा है। संभागायुक्त ने नकटा तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य भी देखा। लगभग पांच करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से इसके सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण का मैप संभागायुक्त ने देखा। इंजीनियरों ने बताया कि इसका लैंडस्केप रायपुर के मरीन ड्राइव की तरह सुंदर होगा। इसी तरह हनुमान तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। संभागायुक्त ने कहा कि तालाबों के संरक्षण में इस बात का ध्यान रखें कि उनका कैचमेंट एरिया प्रभावित न हो। इस पर इंजीनियरों ने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य इस प्रकार हो रहा है कि इससे तालाब का कैचमेंट एरिया बढ़ेगा। मूलत: सौंदर्यीकरण और विरासत के संरक्षण की दिशा में काम हो रहा है। संभागायुक्त ने कहा कि नकटा तालाब पाटन के सबसे पुराने तालाबों में से है। यह बहुत अच्छी पहल है कि हम अपनी धरोहरों को इस तरह संरक्षित रखने की दिशा में और उन्हें अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
20 एकड़ में फैले और दो महीने में तैयार किये गए मुनगा प्लांटेशन को देखकर संभागायुक्त ने की प्रशंसा….. मरीन ड्राइव की तर्ज पर बनाया जा रहा नकटा तालाब देखा
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment