भिलाई। 21 नवम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : वर्तमान समय की परिस्थितियों में स्वयं को आध्यात्मिक शक्तियों से संपन्न बनाकर अन्य आत्माओं के परिवर्तन के निमित्त बनना है। विश्व में अनेक हलचलें एवं आपदा के समय परमात्म अवतरण और देवभूमि भारत विश्व की आध्यात्मिक शक्तियों का मुख्य केंद्र बनेगा। इसके लिए प्रत्येक मनुष्य आत्मा को मनसा, वाचा और कर्मणा शक्तियों से संपन्न बनना आवश्यक है। उक्त उद्गार नारी शक्ति नेतृत्व द्वारा अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयंती दीदी ने सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में कही। आपने कहा कि राजयोग के माध्यम से परमात्मा से सर्व संबंध जोड़कर अपने संस्कारों को श्रेष्ठ एवं दिव्य बनाना है। हमारे विचार ही हमारे जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए व्यर्थ एवं नकारात्मक विचारों से दूर रहकर सकारात्मक विचारों का सृजन करें। बाह्य परिस्थितियां कैसी भी हों, मन को शांत, स्थिर एवं एकाग्र रखें। प्रत्येक कर्म में श्रेष्ठ भावना, सत्यता, प्रेम, नम्रता और निर्मलता होनी चाहिए। शांति की शक्ति अर्थात् पावर ऑफ साइलेंस के अभ्यास से पहले स्वयं का परिवर्तन करें, तभी हम दूसरों के परिवर्तन के निमित्त बन सकेंगे। विश्व में घटित होने वाली घटनाओं एवं समाचारों का प्रभाव अपनी मनःस्थिति पर नहीं पड़ने देना है। यदि हमारा मन ही व्यर्थ विचारों में उलझा रहेगा, तो हम दूसरों की मदद कैसे कर सकेंगे? इसलिए धैर्यता,दया, शांति एवं सत्यता जैसे परमात्मा के दिव्य गुणों को अपने जीवन में धारण करें। दीदी जी ने आत्मिक स्थिति का अभ्यास कराते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य साक्षी भाव से करें। परमात्मा कल्याणकारी है, इसलिए हमें भी प्रत्येक मनुष्य आत्मा के प्रति कल्याणकारी दृष्टिकोण एवं शुभभावना सदा रखनी है। साथ ही प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी अवश्य निभाए ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिवाइन ग्रुप के बच्चों द्वारा ‘समर्पण को तेरे प्रणाम’ गीत पर प्रस्तुत सुंदर स्वागत नृत्य से हुआ।
इस अवसर पर भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी जी ने कहा कि देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर दीदियों का भिलाई आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। प्रयागराज से पधारी धार्मिक प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका राजयोगिनी मनोरमा दीदी जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आबू राज पर्वत से पधारी ब्रह्माकुमारी हंसा दीदी, देवी दीदी एवं राखी दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। पीस ऑडिटोरियम को सुंदर दीपों से सजाया गया।


