दुर्ग। 20 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं दुर्ग पुलिस के तत्वावधान में नवीन कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन, दुर्ग में विशेष क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार कुजूर, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का, सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल उपस्थित रहे। इस कार्यशाला का विषय पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान में परामर्शदाताओं की भूमिका एवं परिवार परामर्श केंद्रों का योगदान रहा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मुंशी प्रेमचंद की कहानी का उदाहरण देते हुए पारिवारिक संबंधों में संवाद, आपसी समझ एवं काउंसलिंग के महत्व को रेखांकित किया। न्यायिक अधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पारिवारिक विवादों के निराकरण में परामर्श, संवेदनशीलता एवं संस्थागत समन्वय की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय तथा कुटुंब न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीशगण, कुटुंब न्यायालय के काउंसलर्स, दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर्स एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यगण शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्ग के. विनोद कुमार, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का, सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल, कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल की उपस्थिति रही।कार्यशाला में विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचारों के माध्यम से पारिवारिक विवादों के समाधान में परामर्श की उपयोगिता एवं विभिन्न संस्थाओं की जिम्मेदारी को रेखांकित किया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार कुजूर ने अपने समापन उद्बोधन में पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए न्यायिक व्यवस्था एवं परामर्श केंद्रों के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने प्रभावी परामर्श प्रक्रिया तथा संबंधित संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से विवादों के निराकरण की दिशा में बेहतर परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अपने उद्बोधन में मुंशी प्रेमचंद की कहानी का उल्लेख करते हुए काउंसलिंग की उपयोगिता को सरल उदाहरण के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि कई बार आपसी गलतफहमियां एवं परिस्थितियां पारिवारिक संबंधों में तनाव का कारण बनती हैं। ऐसे मामलों में समय पर संवाद एवं उचित परामर्श मिलने से विवादों को सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग का उद्देश्य केवल विवाद समाप्त करना नहीं, बल्कि परिवारों के बीच आपसी विश्वास एवं संबंधों को बनाए रखने में सहयोग करना भी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने पारिवारिक विवादों के निराकरण में पुलिस की संवेदनशील एवं उत्तरदायी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से संबंधित पक्षों की समस्याओं को समझकर संवाद एवं आपसी सहमति से समाधान की दिशा में प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने परामर्शदाताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे मामलों में धैर्य, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई।
प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में न्यायिक एवं परामर्श व्यवस्था की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने पारिवारिक संबंधों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उचित मार्गदर्शन एवं आपसी समझ के माध्यम से समाधान की आवश्यकता बताई। सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल ने कार्यशाला के विषय एवं उद्देश्य की जानकारी देते हुए परामर्शदाताओं की जिम्मेदारी तथा पारिवारिक विवादों के समाधान में प्रभावी काउंसलिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।
पुलिस विभाग के परामर्शदाता द्वारा दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली, परामर्श की प्रक्रिया तथा पारिवारिक विवादों के निराकरण में पुलिस की भूमिका पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें विवादों के प्रारंभिक स्तर पर निराकरण, संबंधित पक्षों की समस्याओं को सुनने तथा आपसी सहमति से समाधान तलाशने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्देश्य एवं निष्कर्ष
▪️ पारिवारिक विवादों के निराकरण में प्रभावी काउंसलिंग व्यवस्था को प्रोत्साहित करना।
▪️ परिवार परामर्श केंद्रों की कार्यप्रणाली एवं परामर्शदाताओं की क्षमता को सुदृढ़ करना।
▪️ न्यायिक व्यवस्था, जिला प्रशासन एवं पुलिस के बीच समन्वय को बेहतर बनाना।
▪️ संवाद, आपसी समझ एवं सहमति के माध्यम से पारिवारिक विवादों के समाधान को बढ़ावा देना।
▪️ परिवारों में उत्पन्न विवादों के निराकरण में संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाना।
सराहनीय कार्य
कार्यशाला के आयोजन एवं समन्वय में विधिक सेवा प्राधिकरण ,दुर्ग पुलिस , परामर्श केंद्र के काउंसलर्स तथा संबंधित पुलिस इकाई के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पारिवारिक विवादों की स्थिति में जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने अथवा विवाद को बढ़ाने के बजाय आपसी संवाद एवं परामर्श का सहारा लें। आवश्यकता पड़ने पर परिवार परामर्श केंद्र की सहायता प्राप्त करें। समय पर उचित मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग से अनेक पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है।


