भिलाई। 18 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई के इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मीडिया एंटरप्रेन्योरशिप टर्निंग आइडिया इन्टू बिजनेस विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में नवभारत समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद् रोमशंकर यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलोट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विनय पीतांबरम एवं डॉ. धनेश जोशी, विभागाध्यक्ष, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया ने मीडिया के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं पैदा की हैं। विद्यार्थियों को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर अपने रचनात्मक विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। मीडिया उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ नए रोजगार के अवसर सृजित करने का सशक्त माध्यम बन सकती है।
मुख्य वक्ता एवं नवभारत समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार तथा पर्यावरणविद् रोमशंकर यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान दौर मीडिया में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलाव और नवाचार का समय है। पारंपरिक पत्रकारिता के साथ-साथ डिजिटल मीडिया ने युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। आज युवा यूट्यूब चैनल, वेब पोर्टल, पॉडकास्ट, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म, स्वतंत्र पत्रकारिता एवं कंटेंट क्रिएशन के माध्यम से अपने विचारों और रचनात्मक क्षमताओं को व्यवसाय का स्वरूप दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया के क्षेत्र में सफल उद्यमी बनने के लिए केवल एक अच्छे विचार का होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस विचार को व्यावहारिक रूप देने के लिए निरंतर प्रयास, नवाचार, तकनीकी ज्ञान, शोध, विषय की समझ और व्यावसायिक दृष्टिकोण भी आवश्यक है। पर्यावरण पत्रकारिता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री यादव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई, जैव विविधता का संरक्षण, जल संकट, प्रदूषण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषय अत्यंत महत्वपूर्ण हो गए हैं। इन मुद्दों को जनसामान्य तक पहुंचाने और पर्यावरण के प्रति सामाजिक चेतना विकसित करने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण पत्रकारिता केवल पर्यावरणीय समस्याओं को उजागर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज, शासन और प्रशासन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं जवाबदेह बनाने का प्रयास भी किया जाना चाहिए। पत्रकारों को पर्यावरण से जुड़े विषयों पर तथ्यों, वैज्ञानिक जानकारियों और जमीनी रिपोर्टिंग के आधार पर समाचार एवं विश्लेषण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण एक महत्वपूर्ण और व्यापक कार्यक्षेत्र है, जिसमें शोधपरक लेखन, डॉक्यूमेंट्री निर्माण, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया जा सकता है। उन्होंने अपने पत्रकारिता अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता अपनाने तथा मीडिया को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी रुचि, रचनात्मकता और नवाचार के आधार पर मीडिया के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के डॉ. नरेश कुमार साहू ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. संजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी एवं प्राध्यापकगणों में डॉ. संतोष मिश्रा, डॉ. इरफाना फातिमा खान, डॉ. नीता पाण्डेय, डॉ. रंजना शर्मा, डॉ. वर्षा वर्मा, डॉ. अजय सिंह श्रीमती रश्मि अग्रहरी, युवराज रावत, हिमांशु गुप्ता एवं श्रुति सिंह की उपस्थित रहीं।


