भिलाई। 05 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा के सौजन्य से आज पावर हाउस बाजार में सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बाजार के व्यापारियों को लगभग 12 लाख रुपये की चिल्लर (सिक्के) वितरित की गई। कार्यक्रम में स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रदेश संयोजक अजय भसीन एवं प्रदेश सहसंयोजक गार्गी शंकर मिश्र की उपस्थिति में व्यापारियों को चिल्लर वितरित की गई। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी बढ़ने के साथ ही छोटे नोटों एवं सिक्कों की आवश्यकता भी बढ़ जाती है। ग्राहकों को शेष राशि लौटाने में व्यापारियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह पहल की गई। इस वितरण से पावर हाउस बाजार के व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी और व्यापारिक लेन-देन भी सुगम होगा।
अजय भसीन ने कहा कि स्वदेशी व्यापारी मंच का उद्देश्य केवल व्यापार को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि व्यापारियों की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करना भी है। बाजार मजबूत होगा तो व्यापार मजबूत होगा और व्यापार मजबूत होगा तो देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा का इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा कहा कि व्यापारी हित में इस प्रकार की पहल आगे भी जारी रहनी चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से मंच ने एक बार फिर व्यापारियों के साथ खड़े रहने और स्थानीय बाजारों को सशक्त बनाने का संदेश दिया। इस वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से राम ओबेरॉय, विकास पांचाल, चिन्ना राव , निरंकार सिंह सक्रिय रहे। अजय भसीन ने बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख संदीप कुमार मान व उपक्षेत्रीय प्रमुख जय प्रकाश नारायण प्रबन्धक व पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।


