भिलाई। 29 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : आगामी नगर पालिक निगम चुनाव को सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक वार्ड की निर्धारित चौहद्दी एवं आधिकारिक नक्शे के अनुसार मतदाता सूची का सही विभाजन किया जाना आवश्यक है। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के सचिव अली हुसैन सिद्दीकी ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए स्थानीय निर्वाचन एवं निगम प्रशासन से इस दिशा में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। सिद्दीकी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के सघन पुनरीक्षण (SIR) के पश्चात तैयार अंतिम मतदाता सूची विधानसभा के मतदान केंद्रों (बूथों) के आधार पर व्यवस्थित की गई है। आगामी नगर निगम चुनाव के लिए इस सूची को संबंधित वार्डों की निर्धारित सीमाओं के अनुसार पृथक एवं व्यवस्थित किया जाना आवश्यक है। लेकिन स्थानीय निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा वार्डों के आधिकारिक नक्शे और चौहद्दी के अनुरूप मतदाताओं का सही विभाजन नहीं किए जाने से कई वार्डों में विसंगतियां सामने आ रही हैं। इसका खामियाजा आम मतदाताओं के साथ-साथ आगामी चुनाव के संभावित उम्मीदवारों को भी भुगतना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम भिलाई में वर्तमान में नया परिसीमन नहीं हुआ है। ऐसे में पिछले नगर निगम आम चुनाव के दौरान निर्धारित वार्डों के नक्शे एवं चौहद्दी को ही आधार बनाया जाना चाहिए। नगर निगम प्रशासन के पास प्रत्येक वार्ड का आधिकारिक नक्शा एवं सीमांकन संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध है। इसी रिकॉर्ड के आधार पर विधानसभा की बूथवार मतदाता सूची का वार्डवार सटीक विभाजन किया जाना चाहिए था, लेकिन इस कार्य में अपेक्षित सावधानी नहीं बरती गई। सिद्दीकी ने कहा कि मतदाता सूची के वार्डवार विभाजन का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक मतदाता का नाम उसके वास्तविक निवास स्थान के अनुसार संबंधित वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज हो। सूची में गड़बड़ी होने से मतदाताओं को मतदान के समय अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं संभावित उम्मीदवारों के लिए भी चुनाव संबंधी तैयारियों में कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने स्थानीय निर्वाचन एवं नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि वार्डों के आधिकारिक नक्शे एवं निर्धारित चौहद्दी के आधार पर मतदाता सूची की पुनः जांच कराई जाए तथा जहां भी त्रुटियां पाई जाएं, उन्हें समय रहते सुधारा जाए।
अली हुसैन सिद्दीकी ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची पहली आवश्यकता है। इसलिए प्रशासन को इस गंभीर विषय पर तत्काल ध्यान देते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि आगामी नगर निगम चुनाव में किसी भी मतदाता या उम्मीदवार को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


