भिलाई 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। गुरूवार को भिलाई में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व सीएम ने दावा किया है कि आने वाले निकाय चुनाव से पहले जारी मतदाता सूची में कई मतदाताओं के नाम इधर से उधर हो गए हैं। बिना परिसीमन के ही सैकड़ों मतदाताओं के बूथ बदल गए हैं। पूर्व सीएम ने मांग की है कि दावा आपत्ति की तिथि बढ़ाई जाए और मतदाता सूची को फिर से अपटेड किया जाए।
मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि इस साल के अंत में नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत दुर्ग जिले की भिलाई निगम, भिलाई चरोदा, रिसाली निगम में चुनाव होना है। इसके साथ ही जामुल व अहिवारा पालिका के भी चुनाव होंगे। दुर्ग में मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया और जो सूची हमारे जिला अध्यक्षों को सौंपी गई है उसमें भारी गड़बड़ी है। सभी निकायों में मतदाताओं के बूथ वद वार्ड बदल गए हैं। इससे चुनाव में प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ेगा।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि मतदाता सूची जारी होने के दूसरे दिन हमारे जिला अध्यक्षों को मिली। दावा आपत्ति की तिथि 30 अक्टूबर है। इस बीच वार्डों में बीएलओ नहीं बैठे जिसके कारण दावा आपत्ति के प्रकरण प्रभावित हुए। इस संबंध में कई लोगों ने शिकायत भी दर्ज कराई है। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि बीएलओ वार्डों में बैठने के बजाय नगर निगम के दफ्तर में बैठकर मतदाता सूची को सुधारने में लगे हैं जो कि यही साबित करता है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी हुई है।
पूर्व सीएम भूपेश ने मीडिया के माध्यम से तीन मांगे रखी हैं। उन्होंने कहा है कि मतदाता सूची को फिर सये अपड़ेट किया जाना चाहिए। क्योंकि बिना परिसीमन के सैकड़ों मतदाताओं के वार्ड बदल गए हैं जिससे चुनावी नतीजे प्रभावित होंगे। हमारी दूसरी मांग यह है कि दावा आपत्ति की तिथि को बढ़ाया जाए। पूर्व सीएम ने कहा कि हमारी तीसरी मांग यह है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी में जो भी सरकारी अधिकारी या गैर सरकारी व्यक्ति शामिल हो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।


