भिलाई। 28 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) :।दिनांक 28 अक्टूबर को तड़के सुबह-सुबह दुर्ग पुलिस द्वारा जिले के दुर्ग, भिलाई नगर एवं छावनी अनुविभाग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थ रखने वालों, अवैध शस्त्र एवं हथियारों, संदिग्ध वस्तुओं, संदिग्ध व्यक्तियों तथा पूर्व अपराधियों की जांच कर आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। उक्त अभियान रायपुर नाका स्थित उड़िया बस्ती, पदमनाभपुर में श्रीमती भारती मरकाम नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, अटल रेश्ने आवास, सुपेला में श्री निशांत पाठक नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर एवं अटल आवास देवार बस्ती, खुर्सीपार में श्री विशाल सोन उप पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में व्यापक रूप से चलाया गया। इस दौरान यहां के रहवासियों से पूछताछ कर रिकॉर्ड चेक किए गए । संदिग्धों की चेकिंग कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। अटल आवास देवार बस्ती से 02 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट की तामीली की गई है। अभियान में दुर्ग, भिलाई नगर एवं छावनी अनुविभाग के थाना-चौकी प्रभारियों एवं पुलिस बल के साथ एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात तथा रक्षित केंद्र दुर्ग के लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
कार्रवाई का उद्देश्य
दुर्ग पुलिस द्वारा इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम करना, फरार वारंटियों की धरपकड़, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस चौकी को दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बढ़ावा न दें।


