भिलाई। 21 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : भिलाई-3 में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है। जय जगन्नाथ सेवा समिति एवं समस्त नगरवासियों के तत्वावधान में 29 अक्टूबर से चार नवंबर तक आयोजित होने वाली कथा के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर मंच और भव्य पंडाल निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राष्ट्रीय कथावाचक पंडित युवराज पांडेय अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का रसपान कराएंगे। भूमिपूजन के अवसर पर भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर, आयोजन समिति के अध्यक्ष सुजीत बघेल, वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश शुक्ला, कमलेश चंद्राकर, जसवंत वर्मा, मनीष वर्मा,खिलेश वर्मा, सतीश धुरंधर, अरुण, संजय बंछोर, मोतीराम वर्मा, राजेश बघेल, विजय यादव, राकेश वर्मा, उपेंद्र पाल, महेंद्र वर्मा, सरोजनी यदू, दुलारी वर्मा, राजेश्वरी पटेल, रीना वर्मा, कुमारी धीवर, संगीत सोरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। आयोजन मंगल भवन के सामने, इस्पात भवन मैदान, शासकीय कन्या शाला के पास, भिलाई-3 में होगा। राष्ट्रीय कथावाचक पंडित युवराज पांडेय प्रतिदिन दोपहर एक बजे से अपनी अमृतमयी वाणी में श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
कथा का शुभारंभ 29 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। पहले दिन वेदी पूजन, गौकर्ण पूजन और श्रीमद्भागवत महात्म्य का वर्णन किया जाएगा। इसके बाद प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्तों के चरित्र और धर्म-अध्यात्म से जुड़े प्रसंगों का संगीतमय वर्णन होगा। 30 अक्टूबर को ध्रुव चरित्र, भरत चरित्र एवं परीक्षित जन्म, 31 अक्टूबर को अजामिल उपाख्यान और प्रह्लाद चरित्र की कथा सुनाई जाएगी। एक नवंबर को समुद्र मंथन, सूर्यवंश कथा और श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंग होंगे। दो नवंबर को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं दही लूट, जबकि तीन नवंबर को श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह और महारास कथा का वर्णन किया जाएगा।
अंतिम दिन शोभायात्रा और महाभंडारा
आयोजन समिति के सुजीत बघेल व वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश शुक्ला ने बताया कि चार नवंबर को कथा के समापन अवसर पर सुदामा चरित्र, चढ़ौत्री, तुलसी वर्षा, गीता दान और हवन-पूजन के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी और महाप्रसादी के साथ महाभंडारे का आयोजन होगा। इसमें सभी वर्गाें को आमंत्रित किया जा रहा है।



