भिलाई। 05 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बकाया किराया मांगने गई एक मकान मालकिन के साथ मारपीट और अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। मकान मालकिन नीरज यादव ने किरायेदार अकरम और शबाना के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस थाने में शिकायत देकर मामले की उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है। महिला ने आरोप लगाया है कि 2 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे बकाया किराया मांगने के दौरान उसके साथ विवाद हुआ और अकरम ने उसके साथ मारपीट करते हुए आपत्तिजनक हरकत की। महिला के मुताबिक, वह मकान का बकाया किराया मांगने पहुंची थी। इस दौरान अकरम ने तत्काल किराया देने से इनकार करते हुए करीब एक महीने बाद एकमुश्त रकम देने की बात कही। महिला ने जब बार-बार किराया टालने पर आपत्ति जताई तो कथित रूप से अकरम ने उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने का भी प्रयास किया।महिला का आरोप है कि इसी दौरान अकरम ने उसके साथ मारपीट की और उसके शरीर के साथ आपत्तिजनक तरीके से छेड़छाड़ की। उसके चिल्लाने पर अनीस नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचा। इसके बाद किरायेदार शबाना भी वहां पहुंची। शिकायत के अनुसार, घटना के बाद दोनों ने महिला से माफी मांगी और अगले दिन किराया देने के साथ मकान खाली करने की बात कही। महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। घटना के बाद उसने फोन कर अपने पति को मौके पर बुलाया। महिला के अनुसार, तत्काल मौखिक विवाद और सामाजिक बदनामी के साथ ही परिवार की स्थिति को देखते हुए उसने उसी समय पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में पति को पूरी घटना की जानकारी देने के बाद वह 04 अक्टूबर को खुर्सीपार थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल महिला की शिकायत के आधार पर खुर्सीपार पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



