भिलाई। 29 सितंबर, 2026, (सीजी संदेश) : न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा नेहरू भवन, सुपेला में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल भिलाई के पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। इस दौरान उन्होंने भिलाई की पत्रकार बिरादरी के बीच अपने इस बार के संसदीय कार्यकाल के 2 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। सांसद विजय बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही आने वाले दिनों में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के विकास का विजन भी बताया।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, महासचिव दिलीप शर्मा सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्यों ने सांसद का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया । इसके बाद अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। प्रेसक्लब के उन्नयन और महत्वपूर्ण सामग्री के लिए अध्यक्ष ने सांसद बघेल को एक मांगपत्र भी सौंपा। मांगपत्र पर सांसद ने सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि पत्रकार समाज की घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमाणिकता के साथ सामने लाने का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र एक व्यापक क्षेत्र है, जिसमें चार नगर निगमों सहित शहरी और ग्रामीण दोनों अंचल शामिल हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर निरंतर प्रयास कर रहे हैं।।सांसद ने बताया कि भिलाई औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां श्रमिकों की सुविधाओं, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उनके कार्यकाल के दौरान श्रमिकों के अस्पताल सुधार, केंद्रीय विद्यालय तथा नवोदय विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आगे बढ़े हैं। इसके साथ ही चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल में सीटों की वृद्धि के लिए केंद्रीय स्तर पर पहल की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।पर्यावरण के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए सांसद बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जल ही जीवन है’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए हर परिवार को अपने घरों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना चाहिए। नगर निगम क्षेत्र में इसके लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है। साथ ही उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर वृक्षारोपण करने की अपील की।क्षेत्रीय युवाओं और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सांसद खेल स्पर्धाओं और ‘सांसद मेला-मड़ई’ जैसे आयोजनों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इनमें बड़ी संख्या में पंजीयन हुआ है। दिल्ली में क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और रेलवे से जुड़ी यात्री सुविधाओं के त्वरित निराकरण के लिए वे संबंधित मंत्रालयों से लगातार संपर्क में रहते हैं। कार्यक्रम के आखिर में न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर की ओर से सांसद बघेल का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन महासचिव दिलीप शर्मा एवं कार्यक्रम का संचालन डीके साहू ने किया।



