भिलाई। 26 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 25 सितंबर को हुई तेज बारिश के कारण खुर्सीपार वार्ड क्रमांक 41 में पांच परिवारों के घरों में पानी भर गया। स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा प्रभावित परिवारों को उनकी इच्छा के अनुसार पास स्थित निगम स्वामित्व के नव-निर्मित शेड में सुरक्षित रूप से ठहराया गया। प्रभावित परिवारों के लिए निगम द्वारा तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। नव-निर्मित शेड में बिजली, पंखे, शौचालय एवं पानी की व्यवस्था उपलब्ध है। परिसर में एक हॉल एवं एक कमरा है, जिसमें दो बेड की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही परिवारों के लिए तत्काल दरी की व्यवस्था भी की गई। बारिश के कारण प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम की ओर से उन्हें स्वल्पाहार एवं भोजन भी उपलब्ध कराया गया। निगम अमले द्वारा मौके पर आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए प्रभावित परिवारों की जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा बारिश के दौरान प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।



