भिलाई। 22 सितम्बर 2026. (सीजी संदेश) : दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुरूद में शराब सेवन के दौरान शुरू हुआ आपसी विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान की गई मारपीट और सिर व चेहरे पर ईंट तथा स्टील के गिलास से किए गए वार के कारण पूरन भारती की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू की और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त ईंट और स्टील का गिलास भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दिनांक 20 सितम्बर को दोपहर लगभग 03:30 बजे राज जोशी द्वारा थाना जामुल उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उसके मामा मनीष बघेल के दोस्त पूरन भारती को ईंट से मारकर घायल किया गया है। सूचना पर थाना जामुल पुलिस तत्काल ग्राम कुरूद स्थित ममता मेडिकल के पास राज जोशी के मकान पहुंची, जहां मकान के अंदर पूरन भारती जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा मिला तथा आसपास ईंट पर रक्त के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच एवं पूछताछ में सामने आया कि मनीष बघेल अपने दोस्त पूरन भारती को लेकर राज जोशी के मकान पर आया था। तीनों द्वारा शराब सेवन किए जाने के दौरान बातचीत एवं आपसी विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा पूरन भारती के साथ मारपीट की गई। बाद में राज जोशी द्वारा ईंट एवं स्टील के गिलास से उसके सिर एवं चेहरे पर वार किया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर थाना जामुल में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
शराब सेवन के दौरान आपसी बातचीत से विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा पूरन भारती के साथ मारपीट की गई। इसके बाद राज जोशी द्वारा ईंट एवं स्टील के गिलास से सिर व चेहरे पर वार किए गए, जिससे उसकी मृत्यु हुई।
घटना स्थल
ममता मेडिकल के पास स्थित मकान, ग्राम कुरूद, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम
1. राज जोशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ममता मेडिकल के पास, कुरूद भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
2. मनीष कुमार बघेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम काशीडीह खोपली, चौकी मचांदूर, थाना उतई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
1. घटना में प्रयुक्त 01 ईंट।
2. घटना में प्रयुक्त 01 स्टील का गिलास।
सराहनीय कार्य
उक्त प्रकरण में आरोपियों की त्वरित पहचान, गिरफ्तारी एवं घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त करने में थाना जामुल पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पारिवारिक अथवा आपसी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें तथा विवाद बढ़ने से पहले पुलिस को सूचना दें। कानून हाथ में लेने के बजाय वैधानिक माध्यम से शिकायत एवं सहायता प्राप्त करे।



