दुर्ग। 21 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में गाड़ी के नंबर का दुरुपयोग और बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहन की खरीदी-बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मोहन नगर में दर्ज में पूर्व गिरफ्तारी के बाद बचे हुए आरोपी रोहित कुमार कंकरिया (51) और अनूप रावलानी (55) को लगातार पतासाजी के बाद पकड़ा गया। आरोपियों ने बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहन की खरीदी-बिक्री की और दूसरे वाहन के नंबर का इस्तेमाल किया, जिससे असली मालिक को गलत ट्रैफिक चालान और टोल के संदेश मिल रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है और जांच जारी है।
थाना मोहन नगर में दर्ज अपराध में पूर्व में आरोपी विजय सेन को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। विवेचना के दौरान बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन की खरीदी-बिक्री एवं वाहन के पंजीयन नंबर के दुरुपयोग से संबंधित अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई।प्रकरण में फरार चल रहे आरोपियों की लगातार पतासाजी करते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपी रोहित कुमार कंकरिया एवं अनूप रावलानी को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
प्रकरण की विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन की खरीदी-बिक्री की गई तथा वाहन के उपयोग के दौरान अन्य वाहन के पंजीयन क्रमांक का दुरुपयोग किया गया। पंजीयन क्रमांक के दुरुपयोग के कारण वास्तविक वाहन स्वामी को ट्रैफिक चालान एवं टोल राशि से संबंधित संदेश प्राप्त हुए थे।
घटना स्थल
थाना मोहन नगर क्षेत्र, जिला दुर्ग। प्रकरण से संबंधित वाहन एवं लेन-देन के संबंध में अन्य स्थानों की भी विवेचना की जा रही है।
आरोपी का नाम
1. रोहित कुमार कंकरिया, उम्र 51 वर्ष, निवासी सिंधिया नगर, दुर्ग, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
2. अनूप रावलानी, उम्र 55 वर्ष, निवासी नेहरू नगर, भिलाई, जिला दुर्ग।
अपराध क्रमांक एवं धाराएं
अपराध क्रमांक 600/2026, धारा 336(3), 340(2), 345(3), 347(1), 3(5) बीएनएस।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में थाना मोहन नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से संबंधित विवेचनात्मक तथ्यों का सत्यापन करते हुए फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की गई तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही की गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वाहन की खरीदी-बिक्री करते समय वाहन का पंजीयन, स्वामित्व एवं वैध दस्तावेजों का अनिवार्य रूप से सत्यापन करें। बिना वैध पंजीयन अथवा संदिग्ध दस्तावेजों वाले वाहन के संबंध में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों में समय पर वैधानिक कार्यवाही की जा सके।



