भिलाई। 20 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : गणेश उत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुव्यवस्थित, सुगम एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से “स्वच्छ गणेश उत्सव–भिलाई 2026” के तहत नागरिकों से विसर्जन के लिए अपना समय स्लॉट पहले से बुक करने की अपील की गई है। गणेश विसर्जन के दौरान विभिन्न विसर्जन स्थलों पर होने वाली भीड़ एवं असुविधा से बचने के लिए श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन विसर्जन समय स्लॉट निर्धारित कर सकते हैं। इसके लिए नागरिक भिलाई मित्र पोर्टल पर जाकर उपलब्ध समय के अनुसार अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं। विसर्जन हेतु तालाबों को चिन्हांकित किया गया है, चिन्हांकित तालाबों में ही मूर्ति विसर्जन किया जाना है । निगम प्रशासन की ओर से अपील है प्रतिबंधित तालाबों में मूर्ति विसर्जन न करें। विसर्जन हेतु स्लॉट बुक करने की प्रक्रिया सरल है :—
📲 ऑनलाइन अपना विसर्जन स्लॉट बुक करें।
⏰ अपनी सुविधा के अनुसार समय का चयन करें।
🌊 निर्धारित समय पर पहुंचकर व्यवस्थित एवं स्वच्छ विसर्जन में सहयोग करें।
नगरवासियों से अपील है कि वे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें तथा जल स्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव मनाएं। “मूषक मामा का संदेश” भी नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव के लिए प्रेरित कर रहा है। जनभागीदारी से ही भिलाई में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित गणेश विसर्जन को सफल बनाया जा सकता है।
आज ही अपना विसर्जन स्लॉट बुक करें: भिलाई मित्र पोर्टल पर
आपका छोटा-सा प्रयास, भिलाई में स्वच्छ और व्यवस्थित गणेश विसर्जन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वच्छ गणेश उत्सव – भिलाई 2026
जन-जागरूकता एवं जन-भागीदारी की पहल।



