दुर्ग। 09 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सुपर-30 की तर्ज पर सुपर 80 योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों एवं उनके पालकों के लिए दुर्ग के जेआरडी स्कूल में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके सपनों, लक्ष्य, पढ़ाई और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें सफलता के लिए प्रेरित किये।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के सुशासन में प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सुपर-80 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से दुर्ग जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को NEET एवं JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र या वर्ग तक सीमित नहीं होती। दुर्ग जिले के विभिन्न शासकीय स्कूलों से परीक्षा आयोजित कर 12वीं और 12वीं के बाद वाले जिन्होंने 80% से अंक प्राप्त किये है उन विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों में बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की है। यह योजना ऐसे विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जिन्हें बेहतर कोचिंग और मार्गदर्शन के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।
पढ़ाई से लेकर रहने-खाने तक की सुविधाएं निःशुल्क
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों एवं पालकों को सुपर-80 योजना से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों की कोचिंग एवं पढ़ाई पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छात्रों एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल की व्यवस्था की जाएगी। हॉस्टल में विद्यार्थियों के रहने और भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने पालकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें विशेषज्ञ शिक्षकों एवं बेहतर मार्गदर्शन का लाभ मिले, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम, नियमित अध्ययन, टेस्ट सीरीज, विषयवार तैयारी एवं परीक्षा की रणनीति के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अनुशासन और मेहनत से हासिल करें अपना लक्ष्य
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने चयनित विद्यार्थियों से कहा कि यह अवसर उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है। अब इस अवसर को सफलता में बदलने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों की है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर नियमित रूप से अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने और पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किये। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों को भी निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर लगातार नजर रखें तथा जहां आवश्यकता हो, वहां उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
*विद्यार्थियों और पालकों ने पूछे सवाल*
संवाद कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों एवं पालकों ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से सुपर-80 योजना को लेकर विभिन्न विषयों पर संवाद कर अपनी जिज्ञासाओ पर सवाल पूछे जिनका उन्होंने जवाब भी दिए। पालकों ने कोचिंग, हॉस्टल, भोजन, अध्ययन व्यवस्था, विषयवार तैयारी, स्कूल की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों एवं पालकों के सभी प्रश्नों का विस्तार से जवाब देते हुए योजना की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की आर्थिक चिंता न हो और वे पूरी तरह अपने अध्ययन एवं लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें, इसी उद्देश्य से योजना के तहत आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
सुपर-80 के माध्यम से दुर्ग जिले के अलग-अलग शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों में ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय संख्या है। ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलने से उन्हें NEET एवं JEE जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुपर-80 के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे पूरी मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने परिवार, विद्यालय और दुर्ग जिले का नाम रोशन करें। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, चयनित विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में उनके पालक उपस्थित रहे।



