भिलाई। 03 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : लीनेस क्लब भिलाई ने सेवा सप्ताह के अंतर्गत प्रयास मूक बधिर शाला में “मानसिक शांति” विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की। इस दौरान तनाव प्रबंधन, डिजिटल डिटॉक्स और विद्यार्थियों व महिलाओं के लिए रिलैक्सेशन सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में डॉ. श्रीमती आभा ने मूक बधिर बच्चों को बहुत ही सरल और सहज तरीके से मानसिक तनाव से बचाव के उपाय समझाए। शिक्षक द्वारा उनके उद्बोधन का साइन भाषा में अनुवाद किया गया, जिसे बच्चों ने उत्सुकता से सुना और कई सवाल भी पूछे, जिनका उन्होंने उत्तर भी प्राप्त किया। डॉ. आभा ने बताया कि इस उम्र में बच्चे कई बार ऐसे तनाव से गुजरते हैं, जिसे वे किसी से कह नहीं पाते, इसलिए समय रहते सही समझ और मार्गदर्शन जरूरी है।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को नाश्ते के पैकेट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी, प्रिया रस्तोगी, करुणा बंसल, उज्ज्वला सिंघल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



