दुर्ग। 29 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : सारथी मोहल्ला चंडी मंदिर रोड पर गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में दो आरोपियों ने देव चौधरी उर्फ धन्ना नमक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में युवक के सीने, पेट एवं दोनों पैरों की जांघों पर गंभीर चोटें आईं, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित किया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित पतासाजी करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के चंद घंटों में पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान घटना में एक नाबालिग बालक की संलिप्तता भी सामने आई तथा दोनों धारदार हथियार जप्त किए गए। थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।
दिनांक 29 अगस्त को प्रार्थी जीत साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी शिव नगर, बांधा तालाब, वार्ड क्रमांक 35, दुर्ग द्वारा थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 28 अगस्त की रात्रि वह अपने साथी रतन निर्मलकर उर्फ दादू एवं देव चौधरी उर्फ धन्ना के साथ मोटरसाइकिल से सलीम बिरयानी जाने के लिए निकले थे। रात्रि करीब 10:30 बजे सारथी मोहल्ला, पोषण दुकान के आगे चंडी मंदिर रोड पर कोमल ढीमर एवं उसके साथी द्वारा उन्हें रोकने तथा गाली-गलौज करने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार हथियार निकालकर देव चौधरी उर्फ धन्ना पर हमला कर दिया। हमले में उसके सीने, पेट एवं दोनों पैरों की जांघों में चोटें आईं।घायल देव चौधरी उर्फ धन्ना को तत्काल ई-रिक्शा के माध्यम से जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग मे, धारा 103(1), 296, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस की त्वरित कार्यवाही में मुख्य आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में आरोपी द्वारा एक nablig बालक के साथ मिलकर घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लोहे के धारदार हथियार जप्त किए गए। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर तथा नाबालिग बालक के संबंध में आवश्यक सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपियों द्वारा सड़क पर मोटरसाइकिल से जा रहे युवकों को रोककर गाली-गलौज एवं विवाद किया गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने अपने पास रखे धारदार हथियार से देव चौधरी उर्फ धन्ना पर हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना स्थल
सारथी मोहल्ला, पोषण दुकान के आगे, चंडी मंदिर रोड, दुर्ग।
आरोपी का नाम
1. कोमल ढीमर, उम्र 19 वर्ष, निवासी मठपारा, सारथी मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 03, कबड्डी मैदान के सामने, दुर्ग।
2. एक नाबालिग बालक।
जप्त सामग्री
1. घटना में प्रयुक्त लोहे के 02 धारदार हथियार।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा घटना की सूचना प्राप्त होने के तत्काल बाद घटनास्थल एवं संभावित ठिकानों पर पतासाजी करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के चंद घंटों में पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। प्रकरण में गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही सतत जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को तत्काल सूचना दें। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने अथवा उसका उपयोग करने वालों की जानकारी पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



