भिलाई। 12अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस के अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ बंगाली मित्र समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुमन शील ने वर्षों पुरानी मांग को एक बार फिर उठाया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र भेजकर कोलकाता के विश्वप्रसिद्ध ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम का नाम शहीद खुदीराम बोस के नाम पर किए जाने की मांग की है।
सुमन शील ने कहा कि ईडन गार्डन्स जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध क्रिकेट स्टेडियम का नाम शहीद खुदीराम बोस के नाम पर रखा जाना पूरे बंगाल के लिए गौरव और सम्मान की बात होगी। इससे देश-दुनिया में महान क्रांतिकारी खुदीराम बोस की पहचान और मजबूत होगी तथा क्रिकेट के माध्यम से लाखों लोग उनके जीवन, साहस और बलिदान से परिचित हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि महज 19 वर्ष की उम्र में देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले खुदीराम बोस का साहस, देशभक्ति और त्याग आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। स्टेडियम के नाम के साथ उनका नाम जुड़ना महज नामकरण नहीं, बल्कि बंगाल के महान क्रांतिकारी को स्थायी सम्मान देने का प्रतीक होगा। सुमन शील ने कहा कि सरकार को वर्षों पुरानी इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीद खुदीराम बोस के सम्मान में ऐसी पहल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। उन्होंने सरकार से ईडन गार्डन्स का नाम शहीद खुदीराम बोस के नाम पर करने की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि खुदीराम बोस का नाम जितना अधिक लोगों तक पहुंचेगा, उतनी ही अधिक युवा पीढ़ी उनके साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के लिए किए गए बलिदान से प्रेरणा लेगी।




