दुर्ग। 12अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के साईनगर बघेरा में आपसी विवाद के दौरान एक भाई द्वारा अपने ही छोटे भाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी भाई को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। मृतक कैलाश देवांगन और आरोपी देवेन्द्र देवांगन सगे भाई थे और दोनों मिलकर चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। बताया गया है कि पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने को लेकर दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते हिसाब-किताब को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी देवेन्द्र देवांगन ने अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की अग्रिम विवेचना की जा रही है।




