भिलाई। 10अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : छत्तीसगढ़ में बिजली बिल की बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में जनविरोध अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के दिशा-निर्देश में शुरू किए गए इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में घर-घर पहुंचकर लोगों से बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में फॉर्म भरवाएंगे।
अभियान की औपचारिक शुरुआत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुपेला-कोसानगर के वार्ड क्रमांक-1, जुनवानी से की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरसिंह नाथ ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के मार्गदर्शन में तैयार रणनीति के तहत आने वाले दिनों में अभियान को और व्यापक किया जाएगा। सभी ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों के प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे। इस दौरान लोगों को बिजली बिल में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर से जुड़े कांग्रेस के विरोध के कारणों की जानकारी दी जाएगी तथा आम नागरिकों की आपत्तियों और विरोध को फॉर्म के माध्यम से दर्ज किया जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि बिजली की बढ़ी हुई दरों के कारण आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। पार्टी ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि इससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर पार्टी जनता के साथ खड़ी है और इसी उद्देश्य से यह जनसंपर्क एवं विरोध अभियान शुरू किया गया है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री रफीक खान, रविंद्र सिंह, आनंद डोंगरे, महेंद्र साहू, जितेश बंजारे, सुशील साहू, भानु, भूपेंद्र, वीणा देशलहरे सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।




