भिलाई। 07 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : भिलाई और भिलाई-3 रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दिए जाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रेलवे प्रबंधन को पत्र सौंपा गया है। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि क्षेत्र में एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं होने के कारण व्यापारियों और आम यात्रियों को दुर्ग या रायपुर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। पत्र में कहा गया है कि भिलाई क्षेत्र का रेलवे से पुराना और महत्वपूर्ण संबंध रहा है। भिलाई-पावर हाउस सहित नंदिनी, अहिवारा और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों के लिए रेलवे के माध्यम से माल एवं पार्सल परिवहन की सुविधा महत्वपूर्ण रही है। हालांकि, वर्तमान व्यवस्था के कारण व्यापारियों को अपने माल की बुकिंग के लिए दुर्ग अथवा रायपुर जाना पड़ता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क मार्ग से माल भेजने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि इससे व्यापारियों का अतिरिक्त समय और खर्च बढ़ रहा है, वहीं रेलवे को भी संभावित राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा व्यापारिक कार्यों से दूर-दराज के शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को भी भिलाई क्षेत्र में एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं होने के कारण दुर्ग या रायपुर का रुख करना पड़ता है।
इन ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
पत्र में रायपुर से दुर्ग के बीच चलने वाली कई एक्सप्रेस एवं इंटरसिटी ट्रेनों को भिलाई अथवा भिलाई-3 रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई है। इनमें पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस, गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस, बीकानेर/अजमेर एक्सप्रेस, दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस, जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन समता एक्सप्रेस, रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, रायपुर-कानपुर बेतवा एक्सप्रेस तथा बिलासपुर-इतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। चैंबर ने रेलवे से इन ट्रेनों के भिलाई/भिलाई-3 स्टेशन पर स्टॉपेज की दिशा में तत्काल आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।
स्टेशन के विकास की संभावनाओं का भी उल्लेख
व्यापारियों ने पत्र में भिलाई क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के विकास की संभावनाओं का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास की दिशा में कार्य होने से क्षेत्र को बेहतर यात्री सुविधाएं मिल सकती हैं। साथ ही वाशिंग लाइन और पिट लाइन जैसी सुविधाओं के विकास से रेलवे के लिए भी यहां भविष्य में व्यापक संभावनाएं बन सकती हैं। चैंबर ने रेलवे अधिकारियों से आग्रह किया है कि भिलाई जंक्शन/भिलाई/पुरानी भिलाई/भिलाई-3 क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यात्रियों और व्यापारिक वर्ग की सुविधा के लिए प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।




