भिलाई। 22 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में “पिंक पेट्रोलिंग अभियान” निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस अधिकारियों एवं पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा विद्यालयों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान नेवई डैम एवं मैत्री बाग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन से संवाद स्थापित कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (कैंप-1), प्रज्ञा विद्यालय (कैंप-1), छावनी क्षेत्र, एमजीएम स्कूल वैशाली नगर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन-1091, डायल-112, साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही छात्राओं से उनके विद्यालय एवं ट्यूशन आने-जाने के दौरान किसी प्रकार की छेड़छाड़ अथवा असामाजिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत शासकीय विद्यालय उरला में विद्यार्थियों को पिंक पेट्रोलिंग अभियान, डायल-112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन एवं अभिव्यक्ति ऐप के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा विद्यार्थियों के मोबाइल में अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराकर उसके उपयोग की जानकारी दी गई।
दुर्ग पुलिस द्वारा विद्यालय परिसरों एवं छात्राओं के आवागमन मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
सराहनीय भूमिका :
उक्त अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला उप निरीक्षक (PSI), पिंक पेट्रोलिंग टीम एवं संबंधित थाना स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं, महिलाओं एवं अभिभावकों से संवाद स्थापित करते हुए सुरक्षा का विश्वास दिलाया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस सभी महिलाओं, बालिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने, साइबर अपराध अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। अभिव्यक्ति ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करें। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना दुर्ग पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




