भिलाई। 09 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय लीनेस क्लब भिलाई द्वारा प्रयास मूक-बधिर शाला में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा विद्यालय में सकारात्मक वातावरण प्रदान करना था।
प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यालय पहुंचे नए विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से माथे पर तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें कॉपी, पुस्तकें, पेंसिल, रबर, कटर, पेंसिल बॉक्स सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों को केला और बिस्किट भी दिए गए तथा पोहा, जलेबी और ढोकला का पौष्टिक नाश्ता कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों के चेहरों पर नए विद्यालय में प्रवेश की खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि प्रवेशोत्सव केवल बच्चों के स्कूल आने का पहला दिन नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक होते हैं।
इस अवसर पर लीनेस क्लब भिलाई की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, सचिव मनीषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी सहित प्रिया रस्तोगी, तृप्ता कैंबो, नूतन गंधोंक, गीता मिश्रा, अमिता सारस्वत, करुणा बंसल, नीता गुप्ता, पूनम आहूजा, अरुणा लिंगाला, स्नेहा शर्मा, सुषमा रंधावा, संगीता कौरा, सिम्मी छाजेड़ एवं क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने और जरूरतमंद बच्चों के सहयोग के लिए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।




