रायपुर। 05 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट लगातार शहर में पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। इसी क्रम में 04 जुलाई को उत्तर जोन की पिंक पेट्रोल टीम द्वारा थाना गुढ़ियारी क्षेत्र अंतर्गत कर्मा चौक में पेट्रोलिंग की जा रही थी। पेट्रोलिंग के दौरान टीम को कर्मा चौक के पास लगभग 02 वर्षीय बालक रोते हुए अकेला मिला। बालक कम उम्र का होने के कारण अपना नाम एवं माता-पिता की जानकारी नहीं बता पा रहा था।
पिंक पेट्रोल टीम द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों की तलाश प्रारंभ की गई। लगातार प्रयास के बाद बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव की जानकारी प्राप्त हुई, जिन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। इसके पश्चात बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव एवं हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया गया तथा सत्यापन उपरांत बालक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों द्वारा रायपुर पुलिस एवं पिंक पेट्रोल यूनिट का आभार व्यक्त किया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सहायता के लिए सदैव तत्पर है। किसी भी आपात स्थिति या सहायता हेतु पिंक पेट्रोल यूनिट से संपर्क करें।




