दुर्ग। 02जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : मेघगंगा ग्रुप के चेयरमैन एवं जिले के प्रतिष्ठित उद्योगपति मनीष पारख को समाज सेवा एवं सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले के हाथों प्रदान किया गया। दुर्ग जिले में एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले मनीष पारख केवल व्यापारिक उपलब्धियों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे कार्यों के कारण भी व्यापक रूप से जाने जाते हैं। उन्होंने अपने पिता से मिले संस्कारों एवं सामाजिक सेवा की प्रेरणा को जीवन का आधार बनाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के हित में अनेक पहल की हैं।
सम्मान प्राप्त करने के अवसर पर मनीष पारख ने कहा, “डॉक्टरेट की इस मानद उपाधि के लिए मैं आप सभी के स्नेह, सहयोग और विश्वास के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। यह सम्मान मुझे समाज के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
मनीष पारख के नेतृत्व में संचालित सामाजिक पहलों में लाइफकेयर डायग्नोस्टिक्स के माध्यम से नियमित निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन, पिछले सात वर्षों से निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का संचालन तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित करने के लिए हेल्थ कार्ड योजना की शुरुआत प्रमुख हैं। इसके साथ ही युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष स्किल डेवलपमेंट एवं डिग्री कार्यक्रम भी प्रारंभ किए गए हैं। शहर के सौंदर्यीकरण के लिए “मोर शहर, मोर जिम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत दुर्ग के गांधी चौक, शहीद चौक, वाई-शेप ब्रिज चौक एवं कचहरी चौक के विकास और सौंदर्यीकरण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस विभाग को ट्रैफिक बैरिकेड उपलब्ध कराए गए।
शिक्षा के क्षेत्र में महावीर स्कूल के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विद्यालय के जीर्णोद्धार, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया। वहीं साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए “साइबर प्रहरी” अभियान में दुर्ग रेंज के तत्कालीन आईजी राम गोपाल गर्ग के साथ सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। सामाजिक सेवा, जनकल्याण और नागरिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे इन कार्यों के लिए प्राप्त यह मानद डॉक्टरेट मनीष पारख के सामाजिक योगदान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह सम्मान समाज के प्रति उनके समर्पण और सेवा भावना का प्रमाण है तथा अन्य उद्यमियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।




